अनियंत्रित पिकअप वाहन घर के डंगे पर लटका, बाल-बाल बचा परिवार

उपतहसील जोल के अंतर्गत ग्राम पंचायत बैरियां के बैरियां चौक पर बुधवार रात करीब 11 बजे एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। तीखे मोड़ पर चालक के वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क किनारे बने घर के साथ लगे डंगे पर जाकर लटक गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और घर में सो रहा परिवार बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन किसी ठेकेदार के मजदूरों को छोड़ने के लिए बैरियां आया था। मजदूरों को छोड़ने के बाद जब चालक वापस लौट रहा था, तो बैरियां चौक पर स्थित तीखे मोड़ पर वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वाहन सड़क किनारे बने डंगे से टकराकर घर के सामने जा लटका। घर की मालिक निर्मला देवी ने बताया कि उनका घर सड़क के बिल्कुल साथ स्थित है। रात के समय वह अपनी बहू के साथ कमरे में सो रही थीं। अचानक जोरदार आवाज सुनकर दोनों घबरा गईं और उन्हें लगा कि जैसे कमरे की दीवार से कुछ टकरा गया हो। जब वे बाहर निकलीं तो देखा कि पिकअप वाहन उनके कमरे के दरवाजे के ठीक सामने डंगे से टकराकर नीचे गिरा हुआ था। गनीमत रही कि रात का समय होने के कारण उस समय आंगन में कोई मौजूद नहीं था और सड़क पर भी कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। निर्मला देवी के अनुसार चालक तुरंत वाहन छोड़कर भाग गया। घटना के बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत के बाद मामला सुलझा लिया गया। हालांकि घटना किन कारणों से हुई, इसकी जांच जारी है।

E-Paper 2025