सीएम नीतीश ने निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया, कार्य गुणवत्ता की समीक्षा की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को आईजीआईएमएस में निर्माणाधीन 1200 बेड के नए अस्पताल भवन सह आवासीय परिसर का निरीक्षण किया। उन्हें बताया गया कि मल्टी सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं से लैस इस अत्याधुनिक भवन का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और गति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि परियोजना को शीघ्र पूर्ण किया जाए ताकि मरीजों को बेहतर और आधुनिक उपचार की सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2005 के बाद स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया।
5400 बेड का हो रहा पीएमसीएच
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएमसीएच को 5400 बेड का किया जा रहा है। अन्य पुराने मेडिकल कॉलेजों का भी विस्तार हो रहा है। आईजीआईएमएस को चरणबद्ध तरीके से 3000 बेड की क्षमता तक विकसित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, आईजीआईएमएस के निदेशक प्रो. (डॉ.) बिन्दे कुमार समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।