आज पटना के लोग मेट्रो से यात्रा नहीं कर पाएंगे। तकनीकी कार्यों के कारण मेट्रो रेल सेवा आम जनता के लिए पूरी तरह से बंद रहेगी।
28 जनवरी को ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के चलते मेट्रो सेवा पूरी तरह से स्थगित रहेगी। पटना मेट्रो ने आज अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने और वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था का उपयोग करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने यात्रियों की असुविधा के लिए खेद भी प्रकट किया है। हालांकि, 29 जनवरी को मेट्रो पहले की तरह नियमित रूप से परिचालित की जाएगी।
दिसंबर में भी मेट्रो सेवा थी बाधित
इससे पहले 24 और 25 दिसंबर को भी पटना मेट्रो सेवा को तकनीकी खराबी के कारण रोक दिया गया था। हालांकि, 25 दिसम्बर को दोपहर 3.30 बजे के बाद मेट्रो सेवा फिर से शुरू कर दी गई थी।
पटना मेट्रो ने लिखा था कि अप्रत्याशित तकनीकी खराबी के कारण आज भी पटना मेट्रो रेल सेवाएं जनता के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगी। हमारी तकनीकी टीम इस समस्या को जल्द से जल्द हल करने के लिए अथक प्रयास कर रही है। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है और इस दौरान आपके धैर्य और सहयोग के लिए हम आभारी हैं।
प्रायोरिटी कॉरिडोर में हो रहा मेट्रो संचालन
पटना मेट्रो की प्रायोरिटी कॉरिडोर का 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया था। 7 अक्टूबर से आम यात्रियों के लिए मेट्रो ट्रेन का संचालन शुरू हो गया था। अभी पटना मेट्रो का संचालन भूतनाथ, जीरो माइल और आइएसबीटी तक किया जा रहा है। इन तीन स्टेशन का किराया 15 रुपए ही है।
मेट्रो की अधिकतम रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे रखी गई है। पटना के मेट्रो स्टेशन पर डबल लेयर में सुरक्षा व्यवस्था बहाल की गई है। यात्रियों को दिल्ली मेट्रो जैसी जांच से गुजरना पड़ रहा है।