आज सोने के दाम में गिरावट, चांदी महंगी हुई:सोना ₹659 गिरकर ₹1.28 लाख प्रति 10 ग्राम हुआ, चांदी ₹1.75 लाख किलो बिक रही

सोने के दाम में आज यानी 2 दिसंबर को गिरावट है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 10 ग्राम सोना 659 रुपए सस्ता होकर 1,28,141 रुपए पर आ गया है। इससे पहले 10 ग्राम सोना 1,28,800 रुपए का था।

वहीं, चांदी का दाम 243 रुपए बढ़कर 1,75,423 रुपए हो गया है। इससे पहले चांदी की कीमत 1,75,180 रुपए प्रति किलोग्राम थी। 17 अक्टूबर को सोने ने 1,30,874 रुपए और 14 अक्टूबर को चांदी ने 1,78,100 रुपए का ऑल टाइम हाई बनाया था।

इस साल सोना ₹51,979 और चांदी ₹89,406 महंगी हुई

  • इस साल अब तक सोने की कीमत 51,979 रुपए बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब 1,28,141 रुपए हो गया है।
  • चांदी का भाव भी इस दौरान 89,406 रुपए बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब 1,75,423 रुपए प्रति किलो हो गई है।

3 बड़े कारण, जिससे सोने में तेजी

1. केंद्रीय बैंकों की खरीदारी: दुनियाभर के बड़े बैंक डॉलर पर निर्भरता कम करना चाहते हैं। इसलिए वे अपने खजाने में सोने का हिस्सा लगातार बढ़ाते जा रहे हैं।

असर: जब बड़े बैंक लगातार खरीदते हैं तो बाजार में सोने की मांग बनी रहती है और कीमत ऊपर जाती है।

2. क्रिप्टो से सोने की ओर रुख: क्रिप्टो में उतार-चढ़ाव और सख्त नियमों के डर से निवेशक पैसा सोने में लगा रहे हैं। पिछले कुछ समय के दौरान भारत में शेयर बाजार से कम रिटर्न ने भी सोने को आकर्षक बना दिया। इसके अलावा शादियों का सीजन शुरू होने से भी सोने की डिमांड बढ़ गई है।

असर: सोने की मांग में तेजी और गोल्ड ETF में बढ़ते निवेश से कीमतें चढ़ जाती हैं।

3. लॉन्ग-टर्म एसेट: सोना कभी भी पूरी तरह बेकार नहीं होता। यह नष्ट नहीं होता, सीमित मात्रा में है और महंगाई के समय अपनी कीमत बचा लेता है।

असर: लंबे समय में सोना रखना ज्यादातर फायदेमंद है।

इस साल ₹1 लाख 35 हजार तक जा सकता है सोना

केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया कहते हैं कि जियो पॉलिटिकल टेंशन बने हुए हैं। इससे गोल्ड को सपोर्ट मिल रहा है। इससे गोल्ड की डिमांड बढ़ रही है। ऐसे में इस साल सोना 1 लाख 35 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। वहीं चांदी 1 लाख 85 हजार रुपए प्रति किलो तक जा सकती है।

E-Paper 2025