उत्तराखंड के विकासनगर में सोमवार को मूसलाधार बारिश और बादल फटने से आसन नदी के उफान पर आने के बाद बहकर हरियाणा के यमुनानगर जिले के हथिनीकुंड बैराज तक पहुंचे एक युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक 23 वर्षीय राजकुमार निवासी मुंडिया जैन गांव, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) था।
राजकुमार उत्तराखंड के परवल गांव में नदी से सफेद पत्थर निकालने का काम करता था और अपने 15 साथियों के साथ वहां गया हुआ था। सभी लोग अचानक आई बाढ़ की चपेट में आकर बह गए, जिसमें से केवल दो लोग ही जिंदा बच पाए, जबकि 12 शव विभिन्न स्थानों से बरामद हो चुके हैं।
आज सुबह मृतक का भाई पहुंचा यमुनानगर
राजकुमार का शव ही लापता रह गया था, जो आसन नदी से होता हुआ यमुना नदी के बहाव में हथिनीकुंड बैराज तक बहकर आया। आज शुक्रवार सुबह मृतक राजकुमार का छोटा भाई कृष्ण यमुनानगर पहुंचा और शव की शिनाख्त कर पुष्टि की, जिसके बाद पुलिस को विस्तृत जानकारी सौंपी।
बता दें कि आसन नदी दून घाटी से होकर बहती है और आसन बैराज के पास हिमाचल प्रदेश में यमुना नदी में मिलती है। तेज बहाव के कारण शव यमुना के रास्ते यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज तक पहुंचा। जहां से गुरुवार की दोपहर बरामद किया गया।
दूसरे शव की नहीं हुई शिनाख्त
प्रतापनगर थाना से मामले में जांच अधिकारी नवतेज ने बताया कि शव का आज ही पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जबकि दूसरे शव की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है और पुलिस उत्तराखंड प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है।
नवतेज ने बताया कि तीन चार दिन पहले को उत्तराखंड के परवल गांव में सुबह हुई भारी बारिश के बाद आसन नदी अचानक उफान पर आई। नदी पार करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार 14-15 मजदूरों का समूह, जो ज्यादातर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और संभल के निवासी थे, जोरदार लहरों की चपेट में आ गया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी के बीच पहुंचते ही संतुलन खो बैठी और तेज बहाव में बह गई। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, एक घायल हुआ, जबकि 13 अन्य लापता हो गए थे, जिनमें राजकुमार भी शामिल था।
हिमाचल में यमुना में मिलती है आसन नदी
आसन नदी उत्तराखंड के दून घाटी से होकर बहती हुई आसन बैराज से गुजरती है और हिमाचल प्रदेश के पोंटा साहिब के पास यमुना नदी में मिल जाती है, जिसके कारण बहाव वाले शव यमुना के रास्ते हरियाणा तक पहुंच गए। पुलिस ने बैराज पर निगरानी बढ़ा दी है और दूसरे शव की पहचान के लिए उत्तराखंड से आने वाली टीम का इंतजार कर रही है।