वायडी नगर पुलिस ने विजय हाउसिंग सोसायटी के एक किराए के मकान में चल रही एमडी ड्रग्स बनाने की बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 1886.6 किलो घातक केमिकल जब्त किया है। जांच में टीसीएसए, एमएमए और एसिटोलोन जैसे रसायनों की पुष्टि हुई है, जिनसे करीब 100 किलो से ज्यादा एमडी ड्रग्स तैयार की जा सकती थी।
प्रतापगढ़ निवासी आरोपी श्रेयांस मोगरा ने 1 जनवरी 2026 को खुद को लहसुन-प्याज का व्यापारी बताकर यह मकान लिया था। आरोपी वर्तमान में तस्करी के एक अन्य मामले में प्रतापगढ़ जेल में बंद है।
मामला तब खुला जब मकान मालकिन ललिता जैन ने मकान खाली कराने के लिए पुलिस को आवेदन दिया। एसपी विनोद कुमार मीना के निर्देशन में टीम ने ताला तोड़ा तो 10 ड्रमों में केमिकल का स्टॉक मिला। पुलिस आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करेगी।