एम्बुलेंस में गूंजी किलकारी, महिला ने दिया बेटे को जन्म:तीसरी संतान के रूप में घर आया बेटा, मां-बच्चा दोनों स्वस्थ

चित्तौड़गढ़ के खरड़ी बावड़ी गांव में रहने वाली प्रसूता कृष्णा पत्नी देवीलाल ने एम्बुलेंस में ही बच्चे को जन्म दिया। यह डिलीवरी मंगलवार आधी रात को उस समय हुई जब महिला को हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था। एम्बुलेंस में मौजूद पायलट और ईएमटी की सूझबूझ और तत्परता ने न केवल महिला की जान बचाई बल्कि बच्चे को भी सुरक्षित जन्म दिलाया।

घटना मंगलवार देर रात करीब 1:56 बजे की है, जब प्रसूता कृष्णा को अचानक तेज लेबर पेन शुरू हो गया। परिवार के लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को कॉल किया। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस घटियावली के पास स्थित खरडी बावड़ी गांव पहुंची। एम्बुलेंस पायलट सोनू कुमार शर्मा और ईएमटी सुखदेव ने बिना समय गंवाए महिला को स्ट्रेचर पर शिफ्ट किया और हॉस्पिटल की ओर रवाना हो गए।

जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ

हालांकि, रास्ते में महिला की हालत बिगड़ने लगी और उसे तेज दर्द होने लगा। ईएमटी सुखदेव ने स्थिति को गंभीर समझते हुए तत्काल डिलीवरी कराने का फैसला किया। एम्बुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रोका गया और एम्बुलेंस के अंदर ही डिलीवरी करवाई गई। थोड़ी ही देर में महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। नवजात लड़का है और उसका वजन 2 किलो 750 ग्राम है।

डिलीवरी सफल होने के बाद, जच्चा और बच्चा दोनों को जिला हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां दोनों को एडमिट किया गया है। फिलहाल दोनों की हालत पूरी तरह से ठीक है और डॉक्टरों की निगरानी में हैं। कृष्णा और उनके पति देवीलाल के पहले से 2 बेटियां हैं। यह तीसरी संतान है और परिवार में बेटे के आगमन से खुशियां दोगुनी हो गई हैं। इसके बाद गांव में भी एम्बुलेंस स्टाफ की काफी सराहना हो रही है। पायलट सोनू शर्मा और ईएमटी सुखदेव को ग्रामीणों और परिवार वालों ने दोनों का धन्यवाद किया और कहा कि अगर समय रहते एंबुलेंस नहीं पहुंचती, तो कोई भी अनहोनी हो सकती थी।

E-Paper 2025