कानपुर से लखनऊ के बीच सफर करने वाले यात्रियों को 2 अप्रैल से 42 दिनों तक भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। गंगा नदी पर बने 118 साल पुराने रेलवे पुल की मरम्मत के लिए रेलवे ने 2 अप्रैल से 13 मई तक मेगा ब्लॉक घोषित किया है।
इस दौरान 42 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, 31 ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा और 14 ट्रेनें केवल कानपुर तक ही संचालित होंगी।
रोज सुबह 9 से शाम 5 बजे तक रहेगा ब्लॉक
रेलवे के मुताबिक शुक्लागंज स्थित गंगा रेल पुल के डाउन ट्रैक (कानपुर से लखनऊ दिशा) पर मरम्मत कार्य किया जाएगा। कमजोर हो चुके स्लीपरों को हटाकर उनकी जगह स्टील के एच-बीम (स्टील के स्लीपर) लगाए जाएंगे। इसके लिए रोजाना सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आठ घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। मेगा ब्लॉक 2 अप्रैल सुबह 9 बजे से प्रभावी होगा।
1908 में बना था गंगा रेल पुल
कानपुर मुरे कंपनी पुल से कानपुर बायां किनारा स्टेशन के बीच बना यह रेलवे पुल वर्ष 1908 में तैयार हुआ था। 118 साल पुराने इस पुल का समय-समय पर सुधार का काम होता रहा है। पिछले साल अप लाइन (लखनऊ से कानपुर) पर भी इसी तरह मेगा ब्लॉक लेकर मरम्मत कराई गई थी। अब डाउन लाइन को दुरुस्त किया जाएगा।
3 हजार यात्रियों पर पड़ेगा असर
ट्रेनों के निरस्त और रूट डायवर्जन से रोजाना करीब 3 हजार यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। इंटरसिटी, झांसी पैसेंजर और कानपुर-लखनऊ मेमू के प्रभावित होने से रोज लखनऊ आने-जाने वाले यात्रियों को बस और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।