कारोबारी की योगी को धमकी- गोली मार दूंगा:112 पर कॉल करके फरार हुआ, प्रयागराज में रातभर छापेमारी

सीएम योगी को धमकी देने वाला टेंट कारोबारी निकला है। उसने 2 नवंबर की रात 112 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर धमकी दी थी। कॉल पर उसने कहा था- सीएम को गोली मार दूंगा। आरोपी की पहचान प्रयागराज के सोरांव थाने के बरजी गांव निवासी मनीष दुबे के रूप में हुई है।

पुलिस टीमें लखनऊ और बाराबंकी समेत अन्य जिलों में उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। बुधवार रात पुलिस की स्पेशल टीम प्रयागराज स्थित मनीष के घर पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। पूछताछ में पता चला कि वह परिवार के साथ लखनऊ शिफ्ट हो चुका है।

मनीष दुबे ने सीएम को किस मामले को लेकर धमकी दी? वह किस बात से चिढ़ा था? यह अभी साफ नहीं हो सका है।

दरोगा ने दर्ज कराई FIR, हूबहू पढ़िए

इस मामले में 3 नवंबर को बाराबंकी कोतवाली में दरोगा सुदर्शन सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है। एप्लिकेशन में लिखा- मैं प्रभारी चौकी मोहम्मदपुर में तैनात हूं। 2 नवंबर की रात 11:15 बजे PRV के पुलिसकर्मी ने सूचना दी कि मनीष दुबे नाम के व्यक्ति ने अपने मोबाइल से यूपी 112 पर कॉल करके सीएम को गोली मारने की धमकी दी है।

मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो पाया गया कि धमकी देने वाले मोबाइल धारक का पूरा नाम मनीष दुबे निवासी ग्राम बरजी, थाना सोरांव, प्रयागराज है। PRV कर्मियों ने मनीष दुबे को कई बार फोन किया। उसने कभी लोकेशन चारबाग, लखनऊ बताई और कभी प्रयागराज बताकर मोबाइल बंद कर दिया।

आरोपी चार भाइयों में सबसे छोटा पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी मनीष चार भाइयों में सबसे छोटा है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और पारिवारिक पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। सोरांव थाना प्रभारी केशव वर्मा का कहना है कि आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

CM योगी को इससे पहले भी धमकियां दी गई हैं-

  • नवंबर 2024: मुंबई की महिला ने सोशल मीडिया पर लिखा- योगी ने इस्तीफा नहीं दिया तो बाबा सिद्दीकी जैसा हाल करेंगे। पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
  • मार्च 2024: योगी को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस मुख्यालय में तैनात हेड कॉन्स्टेबल के सरकारी नंबर पर कॉल आई।
  • जनवरी 2024: आतंकी पन्नू ने वाइस मैसेज भेजकर अयोध्या में गिरफ्तार 3 आतंकियों को न छोड़ने पर योगी को जान से मारने की धमकी दी।
  • अप्रैल 2022: वॉट्सऐप पर धमकी दी कि योगी को बम से उड़ा देंगे। धमकी देने वाले सरफराज को साइबर सेल ने राजस्थान से गिरफ्तार किया।
  • अप्रैल 2021: डायल 112 के वॉट्सऐप नंबर पर मैसेज आया। CM के पास चार दिन हैं, मेरा जो करना है कर लो। 5वें दिन योगी को मार दूंगा।
  • दिसंबर 2020: डायल 112 के वॉट्सऐप नंबर पर मैसेज भेजकर योगी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई।
  • नवंबर 2020: डायल 112 के वॉट्सऐप पर योगी को जान से मारने की धमकी का मैसेज आया। नाबालिग लड़का आगरा से पकड़ा गया।
  • जुलाई 2020: डायल 112 पर योगी को जान से मारने की धमकी आई। इसमें कानपुर देहात का 12वीं में पढ़ने वाला लड़का पकड़ा गया।

हर वक्त CM की सुरक्षा में 25 कमांडो रहते हैं CM योगी के साथ हर समय NSG (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स) के 25 कमांडो रहते हैं, यानी यदि इनकी शिफ्ट 8 घंटे की है तो कुल मिलाकर 75 कमांडो तैनात हैं। यह ब्लैक यूनिफॉर्म में रहते हैं। CM योगी को मिली Z प्लस सुरक्षा में 5 बुलेटप्रूफ गाड़ियां भी शामिल रहती हैं। देश की चुनिंदा शख्सियतों को ऐसी सुरक्षा दी जाती है।

E-Paper 2025