भारतीय क्रिकेट टीम के फिरकी गेंदबाज कुलदीप यादव अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ शादी करने जा रहे हैं। दोनों 14 मार्च को उत्तराखंड के मसूरी में सात फेरे लेंगे। तीन दिन बाद यानी 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी होगी।
इस बीच, सोमवार को कुलदीप के पिता राम सिंह यादव ने लखनऊ में CM योगी को शादी का न्योता दिया। कुलदीप और वंशिका ने 4 जून 2025 को लखनऊ में सगाई की थी, जिसमें क्रिकेटर रिंकू सिंह, प्रिया सरोज समेत कई करीबी लोग शामिल हुए थे।
पहले दोनों शादी नवंबर 2025 में तय हुई थी, लेकिन भारतीय टीम के व्यस्त शेड्यूल और टी20 विश्व कप की तैयारियों की वजह से तारीख आगे बढ़ा दी गई। अब विश्व कप चैंपियन बनने के बाद कुलदीप नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं।
कुलदीप के कोच और पारिवारिक मित्र कपिल देव पांडेय ने बताया-
टी20 वर्ल्ड चैंपियन टीम का हिस्सा थे कुलदीप
- कुलदीप टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। टूर्नामेंट में कुलदीप ने सिर्फ एक मुकाबला खेला, जो पाकिस्तान के खिलाफ था। मैच में कुलदीप ने 14 रन देकर एक विकेट लिया था।
- चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने तीनों फॉर्मेट को मिलाकर भारत के लिए अब तक 191 मैच खेले हैं। उन्होंने 22.50 के एवरेज और 4.84 की इकोनॉमी रेट से 365 विकेट झटके हैं। 31 साल के कुलदीप ने 9 मौकों पर पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं।
कुलदीप- वंशिका की लव स्टोरी के बारे में जानिए-
बचपन के दोस्त, धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदली: कुलदीप की होने वाली पत्नी वंशिका कानपुर के श्याम नगर की रहने वाली हैं। पिता योगेंद्र सिंह चड्ढा एलआईसी में कार्यरत हैं। वंशिका ऑस्ट्रेलिया में जॉब करती हैं। कुलदीप यादव लाल बंगले इलाके में रहते हैं। दोनों के घर के बीच दूरी सिर्फ 3 किलोमीटर है। दोनों बचपन के दोस्त हैं। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई।
कुलदीप ने कहा था- वंशिका उनके लिए खास: कुलदीप ने साल 2024 में एक इंटरव्यू में कहा था कि वह किसी बॉलीवुड अभिनेत्री से शादी नहीं करेंगे। उनकी पत्नी ऐसी होगी, जो परिवार का ध्यान रख सके। वंशिका के बारे में बात करते हुए कुलदीप ने बताया था कि उनकी जिंदगी में उनके लिए खास जगह है। उनका रिश्ता बहुत पुराना है।
पिता की वजह से क्रिकेटर बने कुलदीप यादव
कुलदीप का जन्म 14 दिसंबर, 1994 को उन्नाव जिले के एक गांव में हुआ था। पिता ईंट-भट्ठा चलाते थे। मां ऊषा यादव हाउस वाइफ हैं। उनकी 3 बड़ी बहनें हैं। उन्हें क्रिकेट का जबरदस्त शौक था। वो जब भी मैच का प्रसारण होता, तो टीवी पर देखना भी नहीं भूलते थे।
कुलदीप ने एक इंटरव्यू में बताया था कि पिता उन्हें क्रिकेटर बनाना चाहते थे, लेकिन उन्हें ये खेल बिल्कुल पसंद नहीं था। बस फ्रेंड्स के साथ टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलते थे। पढ़ाई में काफी अच्छा था। आज पिता की मेहनत की वजह से इंडियन क्रिकेट के करिश्माई ऑफ स्पिनर बन पाए हैं।