गयाजी में 200 लीटर विदेश शराब जब्त:दो कार जब्त, एक तस्कर अरेस्ट; गाड़ी मालिक की पहचान कर रही पुलिस

गयाजी में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 200 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की गई है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल दो कारों को जब्त किया गया है। जबकि एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।

पहली कार्रवाई मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पथरा गांव में की गई। यहां उजले रंग की टाटा जेस्ट कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब ले जाए जाने की सूचना पर मद्यनिषेध टीम ने छापा मारा। तलाशी के दौरान वाहन से 180 एमएल की 768 बोतलें बरामद की गईं, जिसकी कुल मात्रा 138.420 लीटर आंकी गई।

गाड़ी मालिक की पहचान कर रही पुलिस

हालांकि, मौके से कोई तस्कर पकड़ में नहीं आ सका। विभाग का कहना है कि गाड़ी मालिक और तस्करों की पहचान के लिए जांच तेज कर दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा। इस कार्रवाई में सहायक अवर निरीक्षक बन्टी यादव, धर्मेन्द्र बैठा और कमल किशोर के साथ मद्यनिषेध सिपाही, सैप बल और गृहरक्षक जवान शामिल थे।

65.880 लीटर विदेशी शराब बरामद

दूसरी कार्रवाई मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के हरिओ स्थान के पास की गई। यहां उजले रंग की मारुति सुजुकी एसएक्स-4 कार से 366 पीस टेट्रा पैक विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 65.880 लीटर है। इस मामले में धनंजय कुमार (24), निवासी बेगूसराय को मौके से गिरफ्तार किया गया।

छापेमारी दल में अवर निरीक्षक अंजली कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक दीपक कुमार राम और नवीन कुमार सहित गृहरक्षक जवान व सशस्त्र बल शामिल थे।

मद्यनिषेध विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध शराब के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

E-Paper 2025