गुरुग्राम जिले में सोहना रोड पर सेक्टर-49 स्थित स्पेज आईटी पार्क की एक इमारत से एक युवक ने कूदकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे वह आठवीं मंजिल की बालकनी में गया और वहां से छलांग लगा दी। मृतक की पहचान 34 वर्षीय वरुण शंकर के रूप में हुई है, जो इसी बिल्डिंग में एक कंपनी में बतौर मैनेजर के पद पर कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार वरुण शंकर ने आईटी स्पेज (Spaze) के साथ लगती एक बिल्डिंग की आठवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। शव परिसर में गिरा मिला, जिसके बाद सेक्टर-50 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुसाइड की वजह पता नहीं चली
प्रारंभिक जांच में यह संदिग्ध आत्महत्या का मामला लग रहा है। पुलिस ने मृतक का प्रोफाइल जांचना शुरू कर दिया है, जिसमें उसके पेशेवर जीवन, पारिवारिक स्थिति और संभावित मानसिक तनाव के कारणों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
मामले की जांच कर रही पुलिस
इस बारे में सेक्टर 50 थाने के एसएचओ सुखबीर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। कंपन के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। परिवारवालों को सूचना भेज दी है। ऑफिस के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। अभी सुसाइड की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस टीम जांच कर रही है