दरभंगा में बिहार सरकार के मंत्री संजय सरावगी ने लालू परिवार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जिस परिवार में महिला सदस्य का सम्मान घर के अंदर नहीं हो रहा है, वही लोग बिहार की महिलाओं को सम्मान देने का दावा कर रहे हैं।
जिस बहन की किडनी पर घर का मुखिया जिंदा है, उसी घर में एक बहन का सम्मान नहीं हो रहा है, बल्कि उसका अपमान किया जा रहा है। जो अपने घर की महिला का सम्मान नहीं कर सकते, वे बिहार की महिला का क्या सम्मान करेंगे।
माई-बहन योजना पूरी तरह से फर्जी है
तेजस्वी यादव के ‘माई-बहन योजना’ पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह कैसी योजना है, जो सरकार बनने से पहले ही फॉर्म भरवाया जा रहा है। महिलाओं से आधार और बैंक विवरण मांगा जा रहा है। यह योजना पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक है।
किसी भी योजना को लागू करने के लिए सरकार बननी चाहिए, उसके बाद कैबिनेट की स्वीकृति और बजट आवंटन होता है। महागठबंधन की सरकार बनने वाली नहीं है। ऐसे में फॉर्म भरवाने का एकमात्र मकसद है महिलाओं के बैंक और आधार की जानकारी इकट्ठा करना, ताकि बाद में साइबर फ्रॉड कर उनके खातों से पैसे निकाले जा सकें।
परिवार में वर्चस्व की लड़ाई
मंत्री संजय सरावगी ने आगे कहा कि आज लालब परिवार के भीतर ही वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। जहां घर के अंदर महिलाएं सुरक्षित और सम्मानित नहीं हैं। ऐसे में बिहार की जनता महिला सम्मान की उम्मीद कैसे कर सकती है।