तेजस्वी 6 करोड़ के मालिक, बेटा-बेटी लखपति:डिप्टी CM की संपत्ति ₹11.31 करोड़; तेजप्रताप के पास 7 लाख की बाइक से लेकर BMW तक

बिहार चुनाव में नामांकन के साथ नेताओं की संपत्ति और मुकदमों की जानकारी सामने आ गई है। पटना की मेयर सीता साहू के बेटे शिशिर कुमार के पास 23.36 करोड़ की संपत्ति है। वे इस बार सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। वहीं तारापुर विधानसभा सीट से चुनावी रण में उतरे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने अपने हलफनामे में कुल 11.31 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति का ब्योरा दिया है। अकेले उनके नाम 9.29 करोड़ रुपए की संपत्ति दर्ज है।

सम्राट चौधरी ने अपनी शैक्षणिक योग्यता डॉक्टर ऑफ लिटरेचर बताई है। उन्हें पीएफसी कामराज यूनिवर्सिटी से प्राप्त हुई है। हलफनामे के मुताबिक, उन पर दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आचार संहिता उल्लंघन से जुड़े हैं। किसी भी मामले में उन्हें सजा नहीं हुई है।

तेजस्वी यादव 6 करोड़ के मालिक हैं, जबकि उनके दोनों बच्चे लखपति हैं। बड़े भाई तेजप्रताप यादव को गाड़ियों का शौक है। उनके पास 7 लाख की बाइक से लेकर BMW कार तक है।

दानापुर के विधायक रीतलाल यादव हैं। पिछले पांच साल में उनकी संपत्ति ₹1.11 करोड़ बढ़ी है। अब उनके पास कुल ₹13.22 करोड़ की संपत्ति है। इसमें ₹12.08 करोड़ की अचल संपत्ति, ₹1.22 करोड़ बैंक बैलेंस और ₹85 हजार नकद शामिल है। उन पर करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पीके के आरोपों को खारिज करता है हलफनामा

जनसुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। पीके के दावे के अनुसार 1995 में सम्राट की उम्र 14-15 वर्ष थी, जबकि सम्राट ने अपने दस्तावेज में उम्र 56 वर्ष बताई है। 2020 में 51 साल बताई थी। उन पर हत्या जैसे किसी अपराध का मामला नहीं चल रहा है। सिर्फ दो आचार संहिता उल्लंघन के केस दर्ज हैं।

हलफनामे में उन्होंने अपनी उम्र 56 वर्ष बताई है। पिछले पांच वर्षों में उनकी आय 5 लाख रुपए से अधिक बढ़ी है। पत्नी की आय में 76 हजार रुपए की वृद्धि हुई है। सम्राट के पास राइफल और रिवॉल्वर हैं, जबकि पति-पत्नी के पास 200-200 ग्राम सोना (कुल मूल्य लगभग 40 लाख रुपए) है।

भूमि संपत्ति के ब्योरे के अनुसार, तारापुर में उनके पास 682.67 डिसमिल कृषि भूमि (3.28 करोड़ रुपए मूल्य), मुंगेर में 76.5 डिसमिल भूमि (2.03 लाख रुपए) और वैशाली के करिहो में 191 डिसमिल कृषि भूमि (36.1 लाख रुपए मूल्य) है। इसके अलावा तारापुर और खजपुरा में 105.154 डिसमिल गैर कृषि भूमि है, जिसकी अनुमानित कीमत 4.91 करोड़ रुपए है।

तेजस्वी ₹6 करोड़ के मालिक, 6 महीने का बेटे के पास ₹9 लाख

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को राघोपुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। चुनावी हलफनामे के मुताबिक तेजस्वी यादव के पास कुल 6 करोड़ 12 लाख 48 हजार 877 रुपए हैं। वहीं पत्नी राजश्री के पास 59 लाख 69 हजार 286 रुपए और बेटी कात्यायनी आयरिश यादव के पास 31 लाख 70 हजार 649 रुपए हैं। 6 महीने के बेटे ईराज लालू यादव के पास 8 लाख 99 हजार की संपत्ति बताई गई है। इसके अलावा खरीद बिक्री में 34 लाख 60 हजार 200 रुपए हैं।

तेजप्रताप यादव गाड़ियों के शौकीन, 22 केस दर्ज

महुआ से जनशक्ति जनता दल के प्रत्याशी तेजप्रताप यादव गाडियों के शौकीन हैं। उनके पास 6.85 लाख रुपए की बाइक, बीएमडब्ल्यू, स्कोडा और अमेज जैसी कारें हैं।

आय 22.93 लाख है। चल संपत्ति 91.65 लाख रु. की है। अचल संपत्ति का मूल्य 2.88 करोड़ है। उन पर 22 केस दर्ज हैं।

नितिन नवीन की संपत्ति मात्र 11 लाख रुपए बढ़ी

बांकीपुर से भाजपा प्रत्याशी नितिन नवीन की संपत्ति में पिछले पांच वर्षों में 11 लाख रुपए का इजाफा हुआ है। उनके और उनकी पत्नी के नाम पर 1.58 करोड़ रुपए बैंक खातों में जमा हैं।

उनपर जाम, धरना और सरकारी कार्य में बाधा से जुड़े करीब एक दर्जन केस दर्ज हैं।

रामकृपाल यादव से ज्यादा संपन्न उनकी पत्नी

दानापुर सीट से नामांकन करने वाले रामकृपाल यादव की तुलना में उनकी पत्नी अधिक संपन्न हैं। पत्नी के पास 1.55 करोड़ की संपत्ति, 30.70 लाख रुपए बैंक में जमा और 70 हजार नकद हैं। वहीं रामकृपाल के पास 1.52 करोड़ की संपत्ति, 14.16 लाख बैंक में जमा है।

राजद प्रत्याशी अवध बिहारी के पास 2.73 करोड़ की संपत्ति

सीवान सदर सीट से राजद प्रत्याशी अवध बिहारी चौधरी ने अपनी कुल संपत्ति 2.73 करोड़ रुपए बताई है। इनमें 1.80 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति और 93 लाख रुपए की चल संपत्ति शामिल है। उनके पास 19.68 लाख रुपए की स्कॉर्पियो कार है। जबकि विभिन्न बैंकों में लाखों रुपए जमा हैं।

उजियारपुर से राजद प्रत्याशी आलोक कुमार मेहता की कुल संपत्ति 72.37 लाख रुपए है, जिसमें नकद, शेयर, डाक बचत, स्कॉर्पियो और सोना शामिल हैं। उनकी पत्नी सीमा प्रसाद की संपत्ति 97.11 लाख रुपए है, जिसमें नकद, स्कॉर्पियो, वैन और 363 ग्राम सोना शामिल है।

वहीं रघुनाथपुर से राजद प्रत्याशी ओसामा शहाब, दिवंगत पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे के पास लाखों रुपए की संपत्ति है। नामांकन के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि उन पर पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एक राजस्थान और एक मोतिहारी में है। ओसामा के पास 35 लाख रुपए की गाड़ी, 1.25 लाख की बुलेट बाइक और पत्नी के पास 13 लाख रुपए मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण हैं।

E-Paper 2025