गाजीपुर शहर के ददरी घाट पर पिछले तीन-चार दिनों से गंगा नदी में लगातार सफेद झाग और गंदा पानी दिखाई दे रहा है। इससे श्रद्धालुओं को गंगा स्नान और जल लेने में भारी परेशानी हो रही है।
स्नान और गंगाजल लेने पहुंचे लोगों को पहले हाथों से झाग हटानी पड़ रही है, तब जाकर वे पानी भर पा रहे हैं। कई श्रद्धालु बोतल में जल भरने से पहले झाग को किनारे करते नजर आए, ताकि झाग मिला पानी बोतल में न जाए। गंगा स्नान के दौरान भी लोगों को झाग हटाकर ही डुबकी लगानी पड़ रही है।
ददरी घाट पर गाजीपुर के अलावा आसपास के अन्य जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-पाठ और मन्नत पूरी होने पर गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। आस्था के इस प्रमुख केंद्र पर झाग और गंदगी की स्थिति ने लोगों को चिंतित कर दिया है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि यह न केवल धार्मिक भावना से जुड़ा विषय है, बल्कि स्वास्थ्य के लिहाज से भी गंभीर मामला है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल जांच और सफाई की मांग की है।
नमामि गंगे योजना के तहत गंगा की सफाई पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके बावजूद ददरी घाट पर झाग और गंदे पानी की स्थिति कई सवाल खड़े कर रही है। श्रद्धालुओं ने चिंता व्यक्त की है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आस्था और पर्यावरण दोनों पर गंभीर असर पड़ सकता है।