पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आज 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरी भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने लोगों को संबोधित किया।
मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले राज्यपाल ने सेक्टर-12 स्थित शहीद स्मारक पर जाकर पुष्पचक्र अर्पित किए और देश की एकता व अखंडता के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। परेड ग्राउंड में इस समय भारी संख्या में शहरवासी मौजूद हैं और सुरक्षा के कड़े प्रबंधों के बीच उत्सव का आनंद ले रहे हैं। हरियाणा डीजीपी आलोक मित्तल व अन्य अधिकारी मौजूद हैं।
परेड निरीक्षण और मार्च-पास्ट
ध्वजारोहण के पश्चात महामहिम राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण किया और विभिन्न टुकड़ियों द्वारा किए गए शानदार मार्च-पास्ट की सलामी ली। झंडा फहराने के साथ ही अब स्टेडियम में अन्य सांस्कृतिक और देशभक्ति के कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो चुका है।
- वीरों का सम्मान: समारोह के दौरान राज्यपाल द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों और युद्ध वीरांगनाओं को उनके अदम्य साहस के लिए सम्मानित किया जाएगा।
- प्रशंसा पत्र वितरण: प्रशासन के उन अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जा रहा है जिन्होंने पिछले वर्ष अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
- सांस्कृतिक प्रस्तुतियां: विभिन्न स्कूली बच्चों द्वारा पीटी शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां अब मंच पर शुरू हो गई हैं।
विभागों की योजनाओं पर होंगी झांकियां
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर आधारित आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। इनमें पुलिस उपायुक्त पंचकूला, अतिरिक्त उपायुक्त पंचकूला (CRID), प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण पंचकूला, जिला परिषद पंचकूला/डीआरडीए, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, सिविल सर्जन पंचकूला, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, जिला बागवानी अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला आयुर्वेद अधिकारी, वन मंडल अधिकारी मोरनी, क्षेत्रीय अधिकारी हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, जिला मत्स्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग पंचकूला, जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग तथा मार्केट कमेटी पंचकूला शामिल हैं।
स्कूली बच्चे देंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-15 की छात्राएं हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत करेंगी। वहीं सार्थक स्कूल सेक्टर-12ए के विद्यार्थियों द्वारा कथक नृत्य, भवन विद्यालय सेक्टर-15 के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति पर आधारित नृत्य, मोती राम आर्य स्कूल सेक्टर-7 के बच्चों द्वारा राजस्थानी लोक नृत्य, जैनेंद्र गुरुकुल स्कूल सेक्टर-1 के विद्यार्थियों द्वारा हरियाणवी नृत्य, सतलुज पब्लिक स्कूल सेक्टर-4 के बच्चों द्वारा महाराष्ट्र-मराठी लोक नृत्य तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-19 के विद्यार्थियों द्वारा पंजाबी गिद्धा प्रस्तुत किया जाएगा।