पलवल में विवाहिता से दोस्ती की आड़ में दरिंदगी:अश्लील वीडियो बनाकर 3 साल तक किया ब्लैकमेल; फिर 5 लोगों ने किया गैंगरेप

पलवल शहर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता को ब्लैकमेल कर सामूहिक कुकर्म करने का मामला सामने आया है। शहर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर एक नामजद सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद के अनुसार, थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता ने शिकायत में बताया कि करीब तीन वर्ष पहले उसके पति की दोस्ती संजय नामक युवक से हुई थी। इसके बाद संजय का उनके घर आना-जाना शुरू हो गया। एक दिन जब उसका पति किसी काम से बाहर गया हुआ था, तब संजय घर आया और उसके साथ जबरन कुकर्म कर उसकी अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए।

आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो वीडियो और फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर देगा और परिवार को जान से मार देगा। इसके बाद आरोपी उसे ब्लैकमेल करने लगा और हर 15-20 दिन में फोन कर ओयो होटल में बुलाकर कुकर्म करता रहा। इस दौरान आरोपी ने उसका आधार कार्ड भी अपने पास रख लिया।

होटल में नशीला पदार्थ पिलाकर किया कुकर्म

पीड़िता ने बताया कि 8 फरवरी को संजय ने उसे फोन कर बुलाया। ओयो होटल में बुलाने के बाद आरोपी ने पेप्सी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और कुकर्म किया। जब वह घर लौटने लगी तो उसकी स्कूटी खराब हो गई। उसने ई-रिक्शा बुलाया, जिसमें चार अन्य व्यक्ति सवार थे।

आरोप है कि वे लोग उसे ई-रिक्शा में बैठाकर जंगल में ले गए, जहां सभी ने बारी-बारी से उसके साथ कुकर्म किया और पूरी रात वहीं रखा। सुबह उसका मोबाइल फोन लूटकर आरोपी फरार हो गए।

पति को बताई पूरी घटना, पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़िता डर के कारण कुछ दिन तक चुप रही, लेकिन 11 मार्च को उसने अपने पति को पूरी घटना बताई। इसके बाद दोनों पति-पत्नी शहर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दी।

शहर थाना पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर एक नामजद सहित पांच के खिलाफ कुकर्म सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़िता का जिला नागरिक अस्पताल पलवल में मेडिकल परीक्षण कराया।

पुलिस की टीम अब पीड़िता का मोबाइल फोन बरामद करने और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

E-Paper 2025