पाली में ओढ़नी ओढ़कर गांव में घुसे चोर:6 मकानों को बनाया निशाना, जाग होने पर पत्थर फेंकते हुए भागे

पाली में 7 बदमाश ओढ़नी ओढ़कर एक गांव में घुसे। रात के अंधेरे में 6 मकानों में गहने-रुपयों से लेकर स्कूटी-बाइक तक चोरी कर ली। इस दौरान एक ग्रामीण की नींद खुल गई। मंदिर के पास चोरों को देख उसके होश उड़ गए। तुरंत आस-पास के लोगों को फोन कर इसकी जानकारी ली। वे उठकर आए तो चोर उन्हें देख घबरा गए। फिर पत्थर फेंकते हुए फरार हो गए। ये चोर गांव में लगे CCTV कैमरे में भी नजर आए। पुलिस अब उन फुटेज की मदद से चोरों की तलाश में जुटी है।

बदमाशों के पास हथियार भी थे

घटना पाली जिले के सुमेरपुर के पुराड़ा गांव में बुधवार रात को हुई। 7 चोर आधे घंटे तक बारी-बारी से 6 घरों में घुसे। सीसीटीवी फुटेज में नजर आया कि 1 बदमाश ने महिलाओं की तरह ओढ़नी ओढ़ रखी है। बाकी बदमाशों भी नकाबपोश और नंगे पांव थे। इसके बावजूद सीसीटीवी के कैमरे देखकर चेहरे छिपाते रहे। बदमाशों के पास हथियार भी थे। रात ढाई से तीन बजे के बीच मकानों में घुसते नजर आए।

स्कूटी, बाइक ले गए

चोर पुराड़ा गांव मैं हनवन्तसिंह पुत्र नाथुसिंह राजपुरोहित के घर के बाहर से स्कूटी चोरी कर ले गए। स्कूटी की डिक्की में रखा मोबाइल भी ले गए। हर्षवर्धन पुत्र वेदप्रकाश आर्य (माली) के घर में खड़ी बुलट बाइक के वायर काट कर स्टार्ट करने का प्रयास किया, लेकिन स्टार्ट नहीं हुई तो जालाराम पुत्र कानाराम मेघवाल के घर से एक बाइक चोरी कर ले गए। ग्रामीणों ने पुलिस को गुरुवार सुबह घटना की जानकारी दी।

नींद से जागा तो मकान में दिखे चोर

पुराड़ा गांव के बसंत सिंह राजपुरोहित ने बताया कि पुरोहितों का बास ठाकुर गली में मेरा घर है। रात 2.30 बजे आवाज सुन कर नींद से जागा। कमरे की खिड़की से झांका तो घर में पूरबजी के मंदिर में तीन-चार लोग खड़े थे। हाथ में कुल्हाड़ी, कूट और सरिए जैसे हथियार थे।

डर के मारे मां को चुप रहने को कहा। चुपके से आसपास के लोगों को फोन किए। लोग नींद से जाग कर मेरे घर की तरफ आने लगे तो चोर पत्थर फेंकते हुए भाग गए। मेरे घर से चांदी के चार छत्र, सोने का फूल व करीब 15 हजार रुपए ले गए। प्रभुसिंह, अर्जुनसिंह, कल्याणसिंह के घर से भी चोरी की।

E-Paper 2025