रीवा में एक पुलिसकर्मी की बाइक एक कार से टकरा गई। इसके बाद कार सवार युवकों ने पुलिसकर्मी से विवाद शुरू कर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उस पर कार चढ़ाने की कोशिश की।
घटना गुरुवार शाम 6 बजे की है। जान बचाने के लिए पुलिसकर्मी उछलकर बोनट पर जा गिरे। आरोपी बोनट पर ही उन्हें दूर तक घसीटते हुए ले गए।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप- बदले की नीयत से कार चढ़ाई
सेमरिया थाना अंतर्गत शाहपुर चौकी में पदस्थ आरक्षक अतुल पांडेय किसी काम से शिल्पी प्लाजा गए थे। इसी दौरान उनकी बाइक एक कार से टकरा गई थी। विवाद के बाद जब मामला शांत हो गया तो आरक्षक वहां से जाने लगे। तभी युवकों ने बदले की नीयत से कार आरक्षक पर चढ़ा दी।
पुलिस ने दो आरोपियों को अरेस्ट किया
इस वारदात में मुख्य आरोपी की पहचान ध्रुव श्रीवास्तव के रूप में हुई है। दूसरा आरोपी आदित्य केसरवानी है। बताया गया कि एक अन्य युवक भी कार में मौजूद था। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।