पूर्णिया के रूपौली में तालाब में डूबने से युवक की मौत हो गई। युवक तालाब किनारे से होकर गुजर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसला और वो गहरे पानी में चला गया। हादसे के बाद स्थानीय गोताखोर युवक को बचाने पानी में उतरे। जब तक लाश को तालाब से बाहर निकाला गया, युवक की मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र रुचदेव सिमरिया निवासी दिलीप मंडल के बेटे सुजीत कुमार के रूप में हुई है। मृतक के पिता दिलीप मंडल ने बताया कि युवक घर से रूपौली के बसंतपुर गांव स्थित अपने खेत पर आया था।
काम पूरा होने पर खेत से लगे कारी कोसी किनारे से गुजर रहा था कि तभी लौटने के क्रम में युवक का पैर फिसला और पानी में गिर गया। युवक को डूबता देख तालाब की रखवाली कर रहे पहरेदार की नजर पड़ी। जब तक वो दूसरे छोर से दौड़कर मौके पर पहुंचता, तब तक युवक डूब चुका था।
गोताखोरों के आने तक देर हो चुकी थी
पहरेदार के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में स्थानीय गोताखोर को बुलाया गया। युवक की खोजबीन में गोताखोर तालाब में उतरे। जब तक युवक को पानी से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।