संसद के बजट सत्र के दूसरे फेज का बुधवार को 8वां दिन है। राज्यसभा में आज कई सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो जाने पर विदाई दी जाएगी।
मंगलवार को पहले फेज के दौरान निलंबित किए गए 8 सांसदों पर लगा सस्पेंशन हटा दिया गया। राज्यसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सदन में सदस्यों के सवालों का जवाब दिया। इसके बाद उन्होंने विनियोग विधेयक को सदन में पेश किया।
वित्त वर्ष 2025-26 के लिए सरकार के ₹2.01 लाख करोड़ अतिरिक्त खर्च के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। राज्यसभा ने चर्चा के बाद विनियोग विधेयक 2026 को वॉइस वोट से पास कर लोकसभा को लौटा दिया।
लोकसभा में रेल मंत्रालय की अनुदान मांगों पर चर्चा और मतदान हुआ। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सदस्यों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व विकास हो रहा है।
संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने वॉइस वोट से यह प्रस्ताव पेश किया। इससे पहले कांग्रेस के मुख्य सचेतक के. सुरेश ने कुछ सांसदों के ‘अनजाने में हुई गलती’ पर खेद जताया था। इस प्रस्ताव का समर्थन समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव और एनसीपी (शरद पवार गुट) की सुप्रिया सुले ने किया।