बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन आज 2 जगह दही-चूड़ा भोज दे रहे हैं। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभालने के बाद पहली बार नितिन नवीन बड़ा आयोजन कर रहे हैं।
एक भोज पटना न्यू क्लब में 11 बजे से होगा, जहां तमाम मीडिया कर्मी और बड़े नेताओं का जुटान रहेगा। वहीं, दूसरा भोज नितिन नवीन अपने मंत्री आवास पर सुबह 11 बजे से दे रहे हैं। अपने आवास पर होने वाले भोज में बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं को आमंत्रण दिया गया है।
यहां सभी प्रदेश स्तर के कार्यकर्ता, विधानसभा कार्यकर्ता और पटना महानगर के कार्यकर्ता शामिल होंगे। माना जा रहा है कि हजारों की संख्या में कार्यकर्ता इस भोज में शामिल होंगे।
शुक्रवार को डिप्टी CM विजय सिन्हा ने नितिन नबीन से उनके आवास पर मुलाकात की। दरअसल, डिप्टी CM को किसी कार्यक्रम में जाना है, इसलिए उन्होंने पहले ही मुलाकात की।
चूड़ा दही के साथ खिचड़ी की व्यवस्था
मकर संक्रांति के मौके पर नितिन नवीन के भोज में चूड़ा दही , तिलकुट के साथ खिचड़ी खिलाने की तैयारी है। साथ ही चटनी, पापड़, रायता के साथ मिठाई की भी व्यवस्था की गई है।
नितिन नवीन हर साल अपने आवास पर मकर संक्रांति के मौके पर चूड़ा दही और खिचड़ी की व्यवस्था करते रहे है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद बाद पहला मौका है, इसलिए दोनों जगहों पर विशेष व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री सहित सभी बड़े नेता होंगे शामिल
चूड़ा दही के भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार सहित सभी मंत्री और विधायक को आमंत्रण भेजा गया है।
बीजेपी के साथ-साथ एनडीए के सभी घटक दलों के नेताओं को आमंत्रण भेजा गया है। आज के भोज में बीजेपी के साथ जदयू, हम, रालोमो के नेता भी शामिल होंगे।
दिल्ली से कल ही लौटे हैं पटना
बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन लगातार पार्टी के कार्यों में देश भर में व्यस्त रहे हैं। उनके राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने की घोषणा के बाद से ही दिल्ली चले गए, जहां भव्य स्वागत हुआ। उसके बाद पटना में भी आने पर भव्य स्वागत हुआ है।
चिराग पासवान के दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए नितिन नबीन
गुरुवार को बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन भी चिराग के भोज में पहुंचे थे। उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय, मंत्री मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित एनडीए के बड़े नेता मौजूद रहे।
14 जनवरी को तेज प्रताप, रत्नेश सदा और बीजेपी का था आयोजन
तेजप्रताप के आवास पर भोज में लालू यादव, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, बड़े मामा प्रभुनाथ यादव और चेतन आनंद भी पहुंचे। इस भोज में पहुंचे लालू यादव ने कहा कि वो तेजप्रताप से नाराज नहीं है। वो परिवार के साथ ही रहें। तेजप्रताप के बीजेपी में जाने के सवाल पर कहा कि, बेटे को हमेशा आशीर्वाद रहेगा।
पूर्व मंत्री रत्नेश सदा के आवास पर दही-चूड़ा भोज हुआ था
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रत्नेश सदा के आवास पर दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए। उनके साथ राज्यपाल सहित जेडीयू और NDA के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री भी भोज में शामिल रहे।