मगध वॉरियर्स चैंपियन बना:फाइनल में सारण स्ट्राइकर्स को कांटे की टक्कर में 24-21 से हराया

बिहार वीमेंस कबड्‌डी लीग सीजन-2 में सारण स्ट्राइकर्स को 24-21 से हराकर मगध वॉरियर्स की टीम चैंपियन बन गई। पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के इंडोर हॉल में खेले गए फाइनल में आखिर तक रोमांच कायम रहा। लेजर लाइट्स की चकाचौंध व तेज संगीत के साथ जोरदार कमेंट्री से दर्शक दीर्घा में भी जबर्दस्त उत्साह दिखा।

प्रो कबड्‌डी लीग के मैचों के तरह माहौल में बिहार की बेटियों ने जोरदार तरीके से एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए खूब जोर आजमाया। मैच के शुरुआत में भारी दिख रही मगध वॉरियर्स की टीम को एक-एक प्वाइंट के लिए सारण स्ट्राइकर्स की खिलाड़ियों से जूझना पड़ा।

खेल के अंतिम 7 मिनट तक कुछ इस तरह का माहौल रहा कि कौन जीतेगा, बताना मुश्किल लग रहा था। इस मैच में सारण की मुस्कान ने कई मौके पर जोरदार तरीके से रेड कर अपनी टीम को अंक दिलाए। मुस्कान फाइनल की बेस्ट रेडर रही जबकि मगध की मनीषा को बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार मिला। बाद में चैंपियन बनी मगध वॉरियर्स टीम को पुरस्कार स्वरूप 6.50 लाख रुपए के साथ विनर्स ट्रॉफी, रनर्स अप सारण स्ट्राइकर्स को 3.50 लाख और तीसरे स्थान पर रही सीवान टाइटंस को 2.50 लाख रुपए का चेक दिया गया। साथ ही लीग की बेस्ट रेडर, बेस्ट डिफेंडर और ओवर ऑल बेस्ट प्लेयर को नकद राशि के साथ एक-एक स्कूटी मिलेगी

चैंपियन खिलाड़ी

बिहार में टैलेंट की कमी नहीं

वीमेंस कबड्‌डी लीग सीजन-2 की बेस्ट डिफेंडर: शिवानी ( सारण स्ट्राइकर्स)

वीमेंस कबड्‌डी लीग सीजन-2 की बेस्ट रेडर: मुस्कान (सारण स्ट्राइकर्स)

प्लेयर ऑफ द सीजन-2: नैंसी प्रिया (मगध वॉरियर्स)

वीमेंस कबड्‌डी लीग सीजन-2 की बेस्ट कोच: मेनका कुमारी (सारण स्ट्राइकर्स)

वीमेंस कबड्‌डी लीग सीजन-2 के बेस्ट रेफरी: राणा रंजीत सिंह

पुरस्कार वितरण समारोह में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि बिहार में टैलेंट की कमी नहीं है, इसे और आगे लेकर जाना है। आगामी आयोजनों में अपने विभाग से हर संभव सहयोग का वादा भी किया। इससे पहले ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने टॉस उछाल कर फाइनल मैच की शुरुआत की। समारोह में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के डीजी रवींद्रण शंकरण ने कहा कि इस पूरे लीग में सभी खिलाड़ियों ने अपना बेस्ट दिया। इससे बिहार में कबड्‌डी को और मजबूती मिलेगी। मौके पर खेल विभाग के सचिव महेंद्र कुमार, परिवर्तन के संजीव कुमार सिंह, बिहार राज्य कबड्‌डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह, इंटरनेशनल सेलेक्टर मंगला देशाई, खेल निदेशक रविंद्र नाथ चौधरी, उप निदेशक हिमांशु सिंह, क्रीड़ा कार्यपालक आनंदी कुमार, पूर्व निदेशक संजय सिन्हा आदि उपस्थित थे।

भोजपुरी गीतों की धुन पर मनाया जीत का जश्न : फाइनल जीतने के बाद मगध वॉरियर्स की खिलाड़ियों ने मनोज तिवारी के गीत बाघ का करेजा लेकर ऊपर वाला भेजा…जीय हो बिहार के लाला… और ये राजा जी एकरे त रहल ह जरूरत… गीत पर जबरदस्त तरीके से नृत्य करते हुए जश्न मनाया। इसमें दर्शकों ने भी तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

E-Paper 2025