CM योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश के 90 हजार शहरी लोगों को घर बनाने के लिए 900 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। इस दौरान CM ने बड़ा ऐलान किया।
उन्होंने कहा, 2017 से पहले माफिया ने हर जिले में जमीनों पर कब्जा किया था। इनमें से कुछ खाली करा ली गई हैं। अभी भी बड़ी संख्या में जमीनों पर कब्जा है। उन्हें भी खाली कराएं और वहां गरीबों के लिए हाईराइज बिल्डिंग बनवाएं।
साथ ही वहां अलग-अलग ग्रुपों जैसे- वकील, टीचर, डॉक्टर और पत्रकारों के लिए सस्ते मकान बनाएं। जरूरत पड़े तो उन माफिया की संपत्ति जब्त करो, उसी से ये निर्माण कराओ। आखिर माफिया जो शोषण किया है, उसका ब्याज भी तो उसे चुकाना होगा।
सहारनपुर की महिला से योगी बोले- आपके मकान में पति किराएदार
CM ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रधानमंत्री आवास योजना- शहरी 2.0 की शुरुआत की। एक सिंगल क्लिक के जरिए 90 हजार लाभार्थियों को पहली किस्त मिली है। CM ने 15 लाभार्थियों को सर्टिफिकेट भी दिया।
CM ने 6 महिला लाभार्थियों से बात की। हल्के-फुल्के अंदाज में सहारनपुर की सुनीता से कहा, आपका पति वहां किराएदार है। ये मकान आपको PM ने दिया है। आप चाहें तो पति को बाहर कर सकती हैं।
डिप्टी CM ने सपा वालों की तुलना कौए से की
- डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने अवधी भाषा में कौए और कोयल की कहानी सुनाई। सपा वालों की कौए से तुलना की। कहा, ये रहे तो मतलब अपशगुन है।
- नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा, दो महीने पहले इसी तरह के एक कार्यक्रम में 2.09 लाख शहरी परिवारों को एक क्लिक कर पैसे ट्रांसफर किए गए थे। तब कई परिवार वंचित रह गए थे। ऐसे परिवारों को शामिल करने के लिए 90 हजार और परिवारों को राशि ट्रांसफर की जा रही है।
- वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा, जून 2015 में ये योजना आई थी। पौने दो साल तक सपा की सरकार रही, लेकिन एक भी मकान सपा वालों ने इस कारण नहीं दिया कि इसका श्रेय भाजपा को मिलेगा।
पहली किस्त में एक-एक लाख रुपए मिले
योजना के तहत लाभार्थियों को पहली किस्त के रूप में 1 लाख की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। PMAY-U 2.0 के तहत प्रति लाभार्थी कुल 2.50 लाख की सहायता दी जाती है। इनमें केंद्र से 1.5 लाख और राज्य से 1 लाख शामिल हैं। यह राशि 3 किस्तों में मिलती है।