राजस्थान के 5 जिलों में आज शीतलहर का अलर्ट:फतेहपुर में सबसे ठंडी रात, कई शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा

उत्तर भारत से चल रही बफीर्ली हवा से तापमान में लगातार धीरे-धीरे गिरावट हो रही है। इससे रात के साथ-साथ दिन में भी सर्दी बढ़ रही है। सोमवार को राजस्थान में कोल्ड-वेव के असर से तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। वहीं, दिन में भी सर्दी बढ़ने से सोमवार को राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर, बाड़मेर, फलोदी को छोड़कर शेष सभी जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। मौसम विभाग ने 18 नवंबर को भी 5 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में अगले 5 दिन मौसम शुष्क रहने और सर्दी से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर के पास फतेहपुर में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर, फतेहपुर, झुंझुनूं, नागौर, अजमेर, टोंक और कोटा में कोल्ड-वेव का असर सबसे ज्यादा रहा।

कोटा में सोमवार को न्यूनतम तापमान 10.6, सीकर में 5.5, झुंझुनूं में 9.2, नागौर में 5.6, चूरू में 8, बारां में 7.7, जालोर में 7.4, करौली में 7.6, अजमेर में 9.8, भीलवाड़ा में 8.6, वनस्थली (टोंक) 7.9, अलवर में 8, चित्तौड़गढ़ में 8.2, उदयपुर में 8.5 और जयपुर में 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

4 शहरों को छोड़कर सभी में अधिकतम तापमान 30 से नीचे

शीतलहर से शहरों में दिन में भी तापमान कम रहने लगा। इससे दिन में भी हल्की सर्दी महसूस हो रही है। करौली, प्रतापगढ़ में अधिकतम तापमान 26.4, भीलवाड़ा में 27, अलवर में 26.6, बारां में 27.2, जैसलमेर में 28.4, डूंगरपुर में 28.3, उदयपुर में 27, चूरू में 29.7, कोटा में 27.3, सीकर में 27, जयपुर में 28.4 और झुंझुनूं में 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ।

E-Paper 2025