रोहतक में मंत्री के सामने वर्करों में चले लात-घूंसे:भूमि पूजन समारोह में आए थे अरविंद शर्मा; झगड़ा रोकने को बुलानी पड़ी पुलिस

रोहतक के गांव पहरावर में गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के तीसरे कैंपस के भूमि पूजन समारोह रविवार को अखाड़े में तब्दील हो गया। कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा की मौजूदगी में ही कुछ कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। मौके पर मौजूद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

“नीचे बैठ जाओ” कहने पर भड़की चिंगारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक मामूली सी बात से हुई। कार्यक्रम में पहुंचे गांव पहरावर के पूर्व सरपंच व वार्ड 20 से पार्षद प्रवीण कौशिक और गांव भालौठ निवासी मोनू अत्री के बीच बहस शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि प्रवीण कौशिक ने मोनू अत्री से केवल “नीचे बैठ जाने” को कहा था।

इसी बात को मोनू अत्री ने अपनी प्रतिष्ठा का मुद्दा बना लिया और देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई। पंडाल में मौजूद लोग और अन्य कार्यकर्ता कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

मंत्री के सामने हाई वोल्टेज ड्रामा

हैरानी की बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा के सामने हुआ। मंच की मर्यादा को ताक पर रखकर कार्यकर्ता आपस में लड़ते रहे। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस बल को तुरंत बीच-बचाव के लिए आना पड़ा। इसके बाद मंत्री अरविंद शर्मा ने खुद मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को शांत कराकर उनके बीच सुलह करवाई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भाईचारे को कायम रखें और समारोह की गरिमा बनाए रखें।

पत्रकार के साथ भी हुई झड़प

तनावपूर्ण माहौल के बीच एक और अप्रिय घटना घटी, जहाँ एक कार्यकर्ता की वहां कवरेज कर रहे पत्रकार के साथ झड़प हो गई। इस मामले में भी पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया।

भूमि पूजन के बाद सुलह की अपील

हाथापाई और हंगामे के कारण कार्यक्रम में कुछ देर के लिए व्यवधान जरूर आया, लेकिन बाद में मंत्री ने कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर मामला रफा-दफा किया। पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी है ताकि समारोह का शेष हिस्सा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

E-Paper 2025