लव मैरिज के 5 साल बाद पत्नी की हत्या:प्रेमी से मिलने दिल्ली गई थी महिला, पीछे-पीछे पति भी पहुंचा, लौटा तो सिर-गर्दन में मारी कैंची

दरभंगा में अवैध प्रेम प्रसंग में पति ने पत्नी की कैंची से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी पति ने पत्नी के गर्दन और सिर पर कैंची से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान लालबाबू दास की पत्नी सुमित्रा देवी(28) के तौर पर हुई है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना रविवार बहेड़ी थाना क्षेत्र के बघौनी वार्ड-5 की है।

ग्रामीणों के मुताबिक, ‘सुमित्रा देवी का दूसरे लड़के से अफेयर था। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। कई बार समझाने के बाद भी वो नहीं मानी। इसके बाद पति ने उसकी हत्या कर दी।

पति को बिना बताए दिल्ली गई थी पत्नी

मृतका का मायका बिरौल थाना क्षेत्र के तरवारा गांव में है। 5 साल पहले लव मैरिज हुई थी। 3 साल की एक बेटी है।

बताया जा रहा है कि 26 अगस्त को महिला पति को बिना बताए, बेटी को लेकर दिल्ली चली गई थी। पति को शक था कि वो अपने प्रेमी के पास गई है। वो भी पीछे-पीछे दिल्ली चला गया।

ग्रामीण अजीत कुमार मंडल ने बताया, ‘सुमित्रा इसी शनिवार (30 अगस्त) को दिल्ली से घर लौटी थी। जबकि लाल बाबू रविवार (31 अगस्त) को लौटा था। वहां से आते ही पति ने उसने अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ कैंची से हमला कर दिया।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव

हत्या की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए DMCH भेज दिया है।

वहीं, मामले की जांच के लिए SDPO बेनीपुर आशुतोष कुमार भी बघौनी गांव पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।

अफेयर में पत्नी की हत्या

SDPO ने बताया, ‘शुरुआती जांच और ग्रामीणों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मृतका का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध था। जिस पर पति को आपत्ति थी। इसी विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है। पति मौके पर ही मौजूद था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।’

‘दरभंगा से FSL की टीम को बुलाया गया है। मौके से खून के धब्बे, कपड़े और अन्य साक्ष्यों को इकट्‌ठा कर जांच के लिए भेजा गया है। मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है।’

‘आवेदन के आधार पर FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी जांच जारी है, इसलिए किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।’

E-Paper 2025