लुधियाना पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अभी से बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में आज रविवार 22 फरवरी को महानगर के ग्यासपुरा इलाके में पूर्वांचल सम्मान रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में मुख्य वक्ता के तौर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे। उनके साथ पंजाब भाजपा के दिग्गज नेता भी मंच साझा करेंगे।
इन दिग्गजों का लगेगा जमावड़ा
जिला भाजपा अध्यक्ष रजनीश धीमान और राजेश मिश्रा ने तैयारियों का जायजा लेने के बाद बताया कि इस मेगा रैली में सीएम नायब सिंह सैनी के अलावा सुनील जाखड़,अश्वनी शर्मा व अन्य वरिष्ठ राज्य स्तरीय नेता विशेष रूप से शामिल होंगे। ईस्टमैन चौक के पास रुद्र एन्क्लेव (छठ पूजा स्थल) में होने वाली इस रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।
रजनीश धीमान ने दावा किया कि रैली की सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। इस कार्यक्रम के जरिए भाजपा न केवल पूर्वांचल समाज को सम्मानित करेगी बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार भी करेगी।