लुधियाना में क्लाउड पार्टिकल स्कीम से 60 लाख की ठगी:CEO और पत्नी समेत 5 पर FIR, ED पहले से कर रही 3558 करोड़ की जांच

लुधियाना में चर्चित क्लाउड पार्टिकल निवेश स्कीम से जुड़े मामले में एक और धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। सराभा नगर थाना पुलिस ने व्यूनाउ मार्केटिंग सर्विसेज लिमिटेड के CEO सुखविंदर सिंह खरौड़ और उनकी पत्नी डिंपल खरौड़ समेत 5 लोगों के खिलाफ 60 लाख रुपए की ठगी का मामला दर्ज किया है।

यह केस पूर्व जिला अटॉर्नी (लीगल) मित्तर सेन गोयल की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उनके परिवार के दो सदस्यों को निवेश के नाम पर ठग लिया।

हाई रिटर्न का लालच देकर कराया निवेश

शिकायत के अनुसार जालंधर के डकोहा स्थित बाबा बुड्डा जी कॉलोनी निवासी सुरेश कुमार ने गोयल की बहू ऋतु गोयल से संपर्क किया। उसने एक ऐसे बिजनेस मॉडल का प्रस्ताव दिया, जिसमें “क्लाउड पार्टिकल” नाम के डिजिटल इंफ्रॉ़स्ट्रक्चर यूनिट खरीदकर कंपनी को लीज पर देने की बात कही गई।

आरोप था कि निवेश करने पर हर महीने निश्चित और भारी मुनाफा मिलेगा। इस भरोसे पर ऋतु गोयल ने जुलाई 2023 से जुलाई 2024 के बीच करीब 54 लाख रुपए निवेश कर दिए। वहीं गोयल की बेटी चारू गुप्ता ने भी सितंबर 2023 से सितंबर 2024 के बीच 6 लाख रुपए निवेश किए।

शुरुआत में मिला पैसा, बाद में बंद हो गई पेमेंट

शिकायत में कहा गया है कि शुरुआत में दोनों निवेशकों को कुछ भुगतान मिला, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। लेकिन बाद में अचानक भुगतान बंद कर दिया गया। आरोपियों ने यह कहकर पैसे देना बंद कर दिया कि कंपनी और उससे जुड़ी फर्में कानूनी समस्याओं के कारण भुगतान रोक रही हैं।

5 लोगों पर केस दर्ज

मामले की जांच कर रहे ASI उमेश कुमार के अनुसार पुलिस ने सुखविंदर सिंह खरौड़, डिंपल खरौड़ के अलावा आरिफ निसार, अरुण कुमार और सुरेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 (संगठित अपराध), 316(2) (आपराधिक विश्वासघात), 318(4) (धोखाधड़ी) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत FIR दर्ज की है।

ED पहले से कर रही बड़े घोटाले की जांच

यह मामला उस समय सामने आया है जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) पहले से ही 3,558 करोड़ रुपए के क्लाउड पार्टिकल निवेश घोटाले की जांच कर रहा है।

ED ने 1 मार्च 2025 को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सुखविंदर सिंह खरौड़ और उनकी पत्नी डिंपल खरौड़ को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि दोनों नेपाल जाने की तैयारी में थे। ED ने अब तक इस मामले में 19.10 करोड़ रुपए की संपत्तियां अटैच की हैं, जबकि कुल अटैच या फ्रीज की गई संपत्तियों की कीमत 270.94 करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और निवेश से जुड़े दस्तावेजों व अन्य सबूतों की जांच की जा रही है।

E-Paper 2025