कोटा में बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी को देखने पहुंचे लोगों और पुलिस में धक्का-मुक्की हो गई। बाउंसर्स भी भीड़ को नहीं रोक पाए। लोग मंच पर चढ़ने की कोशिश करते रहे। यही नहीं, लोग मैच के दौरान बाउंड्री क्रॉस कर मैदान में घुस गए।
कोटा में जिला क्रिकेट संघ राष्ट्रीय स्तर की टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता ‘कोटा प्रीमियर लीग’ का आयोजन कर रहा है। शिल्पा शेट्टी रविवार को नयापुरा स्थित जेके पेवेलियन स्टेडियम में लीग को प्रमोट करने पहुंची थीं।
बाउंसर्स भी लोगों को नहीं रोक सके
शिल्पा शेट्टी के आने की सूचना पर दोपहर 12 बजे से ही स्टेडियम में भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता और बाउंसर्स को लगाया गया था।
दोपहर करीब 3:45 बजे शिल्पा स्टेडियम पहुंचीं। उनके पीछे काफी संख्या में भीड़ भी पहुंच गई। ग्राउंड तारबंदी से कवर है। सिर्फ गेट से एंट्री थी। यहां तैनात बाउंसर्स भी लोगों को नहीं रोक सके।
इनमें क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों के रिश्तेदार-परिचित बड़ी संख्या में शामिल थे। वे मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। कई लोग एक साथ मंच पर चढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें उतारने की कोशिश की।
इस दौरान लोगों, पुलिस और बाउंसर्स के बीच कहासुनी व धक्का-मुक्की हो गई। लोगों को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
शिल्पा शेट्टी के साथ फोटो खिंचवाने को लेकर लोग परेशान होते रहे। मंच क्रिकेट ग्राउंड में बाउंड्री के पास ही बना हुआ था। मंच के सामने भीड़ इकट्ठा हो गई। इस दौरान लोग मैच के बीच ही बाउंड्री के अंदर ग्राउंड में भी घुस गए।