संभल CO बोले- इतनी खुजली है तो ईरान चले जाओ:यहां छाती पीटी तो बढ़िया इलाज करेंगे, सड़क पर नमाज पढ़ी तो जेल भेजेंगे

‘मैं देख रहा हूं कि बहुत सारे लोगों को इस बात की खुजली मची है कि साहब, ईरान और इजराइल के बीच में झगड़ा हो रहा है। कुछ लोग बीच में अपनी टांग अड़ाए हुए हैं। अगर इतनी दिक्कत है, तो जहाज में बैठ जाओ। यहां से जहाज ईरान में फंसे भारतीयों को लेने जा रहा है। उसी में बैठकर चले जाओ और ईरान की तरफ से लड़ो।’

यह बात संभल जिले के असमोली में CO कुलदीप कुमार ने पीस कमेटी की बैठक में कही। शांतिभंग नहीं करने की चेतावनी देते हुए CO ने कहा कि अगर यहां किसी ने व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की, तो हमें उससे निपटना आता है। इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है।

दरअसल, CO कुलदीप कुमार बुधवार को संभल कोतवाली में अलविदा जुमा और ईद के त्योहार को लेकर बैठक कर रहे थे। कुलदीप कुमार के पास संभल का भी प्रभार है, क्योंकि संभल के CO छुट्टी पर हैं। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह भी मौजूद थे। बैठक में CO ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से शांति से त्योहार मनाने को कहा। उन्होंने कहा कि कोई भी अंतरराष्ट्रीय विवादों के नाम पर शहर की शांति भंग न करे। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ईरान जाने वाले जहाज में बैठकर चले जाएं

सीओ कुलदीप कुमार ने कहा- ​कुछ लोगों को ईरान-इजराइल युद्ध से यहां पर बहुत तकलीफ हो रही है। यहां छाती पीट रहे हैं। अगर इतनी ही दिक्कत है तो हवाई जहाज में बैठो और वहीं चले जाओ। ये सब अंतराष्ट्रीय मुद्दे हैं। हमें इनमें नहीं पड़ना है कि बांग्लादेश में क्या हो रहा है? ईरान में खामेनेई को मार दिया? साहब, अमेरिका तो अत्याचार कर रहा? अरे 56 इस्लामिक कंट्री हैं, वो अपना देख लेंगे।

सड़क पर नमाज पढ़ी, तो बख्शा नहीं जाएगा

CO ने कहा- मस्जिद में जगह नहीं होने पर नमाजी भागे-भागे जाते हैं और सड़क पर नमाज पढ़ने लगते हैं। अगर ऐसा हुआ तो हम एक मिनट कुछ नहीं कहेंगे। उसके बाद उठाकर केस लिखकर जेल भेज देंगे। अगर ईरान-इजराइल युद्ध में समर्थन या नारेबाजी की, तो जेल भेज दिया जाएगा।

किसी दूसरे देश के झगड़े का असर हमारे देश की कानून व्यवस्था पर पड़ा, तो पुलिस बहुत ‘बढ़िया वाला इलाज’ करेगी। नमाज के दौरान किसी दूसरे देश के विरोध में कोई नारा, स्लोगन या पट्टी नहीं होनी चाहिए।

कुलदीप कुमार ने कहा- हम हिंदुस्तानी हैं, भारतीय हैं। यहां सुकून से रह रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय मुद्दे सरकारों के काम हैं, आम जनता के नहीं। 10 लोग कहीं खड़े होकर छाती पीट रहे हैं कि ईरान को मार डाला। तो भाई चले जाओ वहीं और लड़ो जाकर।

जहां पोस्टर बनते हैं, वहां भी होगी कार्रवाई

CO ने चेतावनी दी कि पुलिस केवल प्रदर्शनकारियों पर ही नहीं, उन जगहों पर भी कार्रवाई करेगी जहां ये विवादित पोस्टर और स्लोगन छपते या लिखे जाते हैं। हम यहां सुकून से रह रहे हैं। अपनी ही जमीन पर फिजा खराब करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। त्योहार प्यार और सौहार्द का है। मीठी सेवइयों का त्योहार है। इसमें किसी भी तरह की कड़वाहट नहीं घुलनी चाहिए। आप अपने क्षेत्र के किसी भी व्यक्ति को ऐसा कुछ भी न करने दें, जिससे माहौल खराब हो।

सोशल मीडिया पर REEL बनाने वालों पर सख्ती

CO ने सोशल मीडिया रील बनाने वालों को चेतावनी दी। कहा- कुछ लोग इंस्टाग्राम की रील बनाने के चक्कर में कुछ भी बोल देते हैं। बाहरी देशों के मुद्दों को लेकर अफवाह फैलाते हैं। ऐसी चीजें कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। ​हमें दूसरे देशों में क्या हो रहा है, उससे कोई सरोकार नहीं होना चाहिए। उनके अपने विषय हैं, हमारे नहीं। हमें अपने क्षेत्र की फिजा खराब नहीं होने देनी है। ​एक ‘खुराफाती’ व्यक्ति ही पूरे माहौल को बिगाड़ने के लिए काफी होता है। इसलिए सभी जिम्मेदार नागरिक सतर्क रहें और पुलिस का सहयोग करें।

बैठक में सभासद इब्राहिम, सभासद पति अजीम अब्बासी, हाजी एहतेशाम, मो. नाजिम, दानिश खां, मौहम्मद जिया, नबील अहमफ, शब्बन खां, अख्तर, इदरीश, राशिद समेत जिले के कई संभ्रांत लोगों को बुलाया गया था। करीब 50 लोग बैठक में शामिल हुए।

AIMIM के यूपी अध्यक्ष बोले- आपकी भाषा गली के क्रिमिनल जैसी

संभल में CO कुलदीप कुमार के बयान पर AIMIM के यूपी अध्यक्ष शौकत अली ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- पीस कमेटी की बैठक में CO कुलदीप कुमार धमका रहे हैं। अगर हम कोई ऐसा काम करते हैं, जो असंवैधानिक है, तो आप मुकदमा दर्ज कीजिए। आप मुसलमानों को बैठाकर धमका रहे हैं। सबसे पहला मुकदमा आप पर ही होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आपने मुसलमानों को कमजोर समझा है। हर कोई आएगा और मुसलमानों को धमकाकर चला जाएगा। पहले CO अनुज चौधरी का भी यही काम था। मुसलमानों को उसने गोलियां मार दीं। हीरो बन गया वो।

शौकत अली ने कहा- कहीं से नहीं लग रहा कि आपने संविधान की शपथ ली है। आपकी भाषा IPS अधिकारी की भाषा नहीं, एक गली के क्रिमिलन की भाषा लग रही है। CO साहब आपको दिक्कत है हमसे, तो आप नेपाल चले जाइए।

E-Paper 2025