सिर्फ ‘डेस्टिनेशन वेडिंग’ ही नहीं झीलों के लिए भी जाना जाता है उदयपुर, जानें यहां की चार बेस्ट जगहें

राजस्थान का उदयपुर शहर आज वैश्विक स्तर पर अपनी डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन यहां के झीलों और एतिहासिक महलों के बारे में बहुत कम लोगों को मालूम है। बता दें कि उदयपुर शहर को ‘वेनिस ऑफ द ईस्ट’ के नाम से भी जाना जाता है। इस शहर का इतिहास जितना गौरवशाली है, इसकी प्राकृतिक सुंदरता उतनी ही मनमोहक है। अरावली की पहाड़ियों से घिरा उदयपुर सोलो ट्रैवलर्स, कपल्स और परिवारों के लिए एक आदर्श पर्यटन स्थल है।

यहां की झीलें इस शहर की जीवन रेखा और संस्कृति का केंद्र हैं। यहां के शाही ठाट-बाट, कलात्मक गलियों और छतों पर बने कैफे का अनुभव लेने के लिए देश-विदेश से पर्यटक खिंचे चले आते हैं। अगर आप भी इस खूबसूरत शहर की यात्रा की प्लानिंग कर रहे हैं, तो आइए इस शहर की चार ऐसी जगहों के बारे में जानते हैं जो आपकी बकेट लिस्ट में जरूर होनी चाहिए।

पिछोला झील
पिछोला झील उदयपुर की सबसे पुरानी और सुंदर झीलों में से एक है। झील के बीचों-बीच स्थित ‘लेक पैलेस’ और ‘जग मंदिर’ इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं। यहां शाम के समय बोटिंग का अनुभव जादुई होता है, जब ढलते सूरज की किरणें पानी और महलों पर पड़ती हैं।  गंगौर घाट और अंभई घाट से झील का नजारा किसी पेंटिंग जैसा लगता है।

सिटी पैलेस
पिछोला झील के किनारे स्थित सिटी पैलेस राजस्थान का सबसे बड़ा महल परिसर है। इसका निर्माण 400 से अधिक वर्षों की अवधि में कई शासकों द्वारा किया गया था। महल के भीतर का संग्रहालय, अमर विलास के हैंगिंग गार्डन और शीश महल की नक्काशी पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देती है। महल की झरोखों से पूरी झील और शहर का विहंगम दृश्य दिखाई देता है।

फतेह सागर झील
शहर के उत्तर में स्थित फतेह सागर झील अपनी स्वच्छता और शांत वातावरण के लिए जानी जाती है। इस झील में तीन द्वीप हैं, जिनमें से एक पर ‘नेहरू गार्डन’ और दूसरे पर ‘उदयपुर सोलर ऑब्जर्वेटरी’ स्थित है। पर्यटकों के लिए यहां बोटिंग और किनारे पर बने फूड स्टॉल्स मुख्य आकर्षण हैं।  शाम को यहां टहलना एक बेहद ताजगी भरा अनुभव होता है।

E-Paper 2025