सोनीपत में युवती पर छोड़ा पालतू कुत्ता:कई जगहों से नोंचा, घूमने के लिए निकली थी; रोहतक PGI रेफर

सोनीपत जिले में एक युवती पर जानबूझकर पालतू कुत्ता छोड़कर हमला कराने का मामला सामने आया है। युवती ने आरोप लगाया है कि पड़ोसियों ने साजिश के तहत कुत्ता छोड़कर उस पर हमला करवाया और विरोध करने पर उसकी मां को भी धमकियां दी। मामले की शिकायत चौकी इंचार्ज फरमाणा को दी गई, जिसके आधार पर थाना खरखौदा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सुबह सैर के दौरान हमला

खरखौदा क्षेत्र के गांव रिढाऊ की रहने वाली नितिका ने दी शिकायत में बताया कि सुबह वह घर से घूमने के लिए निकली थी। जब वह सतीश के घर के सामने पहुंची, तो वहां उसका भतीजा अमन पुत्र संजय ऑटो के पीछे खड़ा था और पास में उसका पिता संजय भी मौजूद था। आरोप है कि सतीश ने अमन से कुत्ता छोड़ने के लिए कहा, जिसके बाद अमन ने पालतू कुत्ते को खोल दिया। कुत्ते ने नितिका पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।

मां के साथ गाली-गलौज कर दी धमकी

नितिका ने बताया कि उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां संतोष मौके पर पहुंची और उसे कुत्ते से छुड़वाया। जब उसकी मां ने आरोपियों से कुत्ते को काबू में रखने को कहा, तो तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि सतीश ने धमकी देते हुए कहा कि लड़की को यहां से ले जाओ, वरना तुम्हें भी नहीं छोड़ेंगे।

सरकारी अस्पताल से PGI रोहतक रेफर

घटना के बाद परिजन नितिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरखौदा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने इंजेक्शन व दवाई दी और गंभीरता को देखते हुए उसे PGI रोहतक रेफर कर दिया। फिलहाल युवती अपना इलाज वहीं करवा रही है।

केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

चौकी फरमाणा में दी गई शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना खरखौदा में धारा 291 और 125 (ए) बीएनएस के तहत मुकदमा नंबर 113 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार ASI देवेंद्र ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

आरोपियों पर कार्रवाई की तैयारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता ने आरोपियों अमन, सतीश और संजय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

E-Paper 2025