हरियाणा कैबिनेट मंत्री विज के साथ हादसा, VIDEO:घर के वॉशरूम में गिरे, दोनों पैर में फ्रैक्चर; ‘चल री सजनी’ गुनगुनाते दिखे

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के साथ घर में ही हादसा हो गया। वह नहाते समय वॉशरूम में फिसल गए, जिससे उनके दोनों पैर में फ्रैक्चर हो गया। डॉक्टरों ने उनके दोनों पैरों में प्लास्टर चढ़ाया है, साथ ही उन्हें एक महीने बेड रेस्ट की सलाह दी है।

उनका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे घर में कुर्सी पर बैठे आराम कर रहे है। उन्होंने अपने अपने पैरों को टेबल पर रखा हुआ हैं। दोनों पैरों पर प्लास्टर चढ़ा हुआ दिखाई दे रहा है। इस दौरान विज ‘चल री सजनी अब क्या सोचे…’ गाना गुनगुना रहे हैं।

इससे पहले जून 2020 में भी कैबिनेट मंत्री अनिल विज के साथ ऐसा ही हादसा हुआ था और उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ था। हालांकि इसकी जानकारी उन्हें मई-जून 2025 में मिली थी, जब उनके बाएं पैर के अंगूठे में दर्द हुआ, जिसकी जांच के बाद पता चला था कि उनके अंगूठे में फ्रैक्चर है।

20 फरवरी से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में शामिल होने पर संशय

20 फरवरी से हरियाणा विधानसभा का सत्र शुरू होना है। इससे पहले 19 फरवरी को बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की मीटिंग बुलाई गई है। इस मीटिंग में सेशन की कार्यवाही को लेकर चर्चा होनी है।

इस मीटिंग में कैबिनेट मंत्री अनिल विज को शामिल होना था, लेकिन दोनों पैरों में फ्रैक्चर और डॉक्टरों की एक महीने बेड रेस्ट की सलाह के बाद विज के इस मीटिंग में भी शामिल होने पर संशय बन गया है।

हालांकि, मंत्री विज की जो वीडियो सामने आई हे, इससे उन्होंने अपने अंदाज से साफ कर दिया है कि हौसला अब भी बुलंद है। बता दें कि विज विधानसभा सत्रों में कभी भी अनुपस्थित नहीं रहे। फिलहाल समर्थक भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

3 बार झेल चुके फैक्चर, 2 बार बाथरूम में फिसले

  • जून 2020 में बाथरूम में फिसलेः अनिल विज अपने घर के बाथरूम में फिसलने के कारण गिर गए थे। इस घटना में उन्हें बाएं जांघ की हड्डी (थाई बोन) में फ्रैक्चर हुआ था। उन्हें पहले अंबाला में उपचार कराया गया और बाद में मोहाली के अस्पताल में सर्जरी के लिए भी ले जाया गया था।
  • जून 2025 में पैर के अंगूठे में फ्रैक्चरः अनिल विज को बाएं पैर के अंगूठे के पास दर्द हुआ, जिसमें जांच पर हेयरलाइन फ्रैक्चर (हल्का फ्रैक्चर) पता चला। इस चोट के कारण डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी थी।
  • फरवरी 2026 बाथरूम में गिरेः 15 फरवरी को मंत्री अनिल विज बाथरूम में गिर गए। इस बार भी उनके दोनों पैर में हेयरलाइन फ्रैक्चर की पुष्टि हुई और लगभग एक महीना आराम करने की सलाह दी गई।
  • मार्च 2019 में दोपहिया से गिरेः भाजपा बाइक रैली के दौरान अनिल विज दोपहिया से चलाते वक्त फिसल कर गिर गए थे। उन्हें आंख और घुटने में चोटें आई थीं। हालांकि तब फ्रैक्चर नहीं हुआ था।

चार दिन पहले अनिल विज की कैथल SP से हुई थी बहस चार दिन पहले हरियाणा के कैथल में शुक्रवार को ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग के दौरान मंत्री अनिल विज और SP उपासना सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। जमीन खरीद में धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में मंत्री विज ने SP को एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड करने का आदेश दिया था।

इस पर SP उपासना ने मंत्री विज से कहा था कि उनके पास सस्पेंड करने की पावर नहीं है, क्योंकि वह कर्मचारी कुरुक्षेत्र में पोस्टेड है। यह सुनकर विज ने कहा कि जब वे सस्पेंड करने का आदेश दे रहे हैं, तो पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही।

SP ने कहा कि वे DGP या फिर कुरुक्षेत्र SP को इस बारे में लिखें। इस पर विज ने उनसे कहा था कि आप नहीं कर सकतीं जो जाइए। आखिर में DC अपराजिता ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया था। मंत्री विज और SP उपासना के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो भी सामने आया था।

E-Paper 2025