हरियाणा राज्य महिला आयोग (HSCW) ने हाल ही में रिलीज हुए गाने “सरके चुनर तेरी सरके” को लेकर गंभीर आपत्ति जताई है। आयोग ने इस संबंध में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) को पत्र लिखकर गाने में मौजूद आपत्तिजनक और अश्लील कंटेंट पर सवाल उठाए हैं, जांच की मांग की है।
मशहूर डांसर और अभिनेत्री नोरा फतेही पर फिल्माए इस गाने में महिला आयोग द्वारा जारी पत्र के अनुसार जो दृश्य और बोल प्रस्तुत किए गए है वे सामाजिक मर्यादाओं और सिनेमैटोग्राफ एक्ट, 1952 के दिशा-निर्देशों के विपरीत हैं।
समाज पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है
आयोग ने कहा कि इस तरह के कंटेंट का सार्वजनिक प्रसारण समाज पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है, खासकर बच्चों और युवाओं पर, जो मीडिया के प्रभाव के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं।
आयोग ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि पिछले कुछ समय से गानों में अश्लीलता और भद्दे इशारों का चलन बढ़ता जा रहा है, जो न केवल सांस्कृतिक मूल्यों को ठेस पहुंचाता है बल्कि समाज में गलत संदेश भी प्रसारित करता है। “सर्के चुनर तेरी सर्के” जैसे गाने इस प्रवृत्ति को और बढ़ावा देते हैं, जिससे समाज में नैतिक गिरावट की आशंका जताई जा रही है।
किस आधार पर दी गई अनुमति
रेनू भाटिया के अनुसार महिला आयोग का मानना है कि मीडिया समाज के मूल्यों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए सभी संबंधित संस्थाओं को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी चाहिए। आयोग ने CBFC से पूछा है कि ऐसे कंटेंट को किस आधार पर अनुमति दी गई और क्या इस दौरान निर्धारित मानकों का पालन किया गया।
पत्र में यह भी कहा गया है कि इस प्रकार के गानों के दृश्य और गीत बच्चों और युवाओं पर दीर्घकालिक प्रभाव डाल सकते हैं, जिससे उनके व्यवहार और सोच पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। आयोग ने इसे “गंभीर सामाजिक चिंता का विषय” बताया है।
कार्रवाई नहीं होने पर आयोग उठाएगा कदम
महिला आयोग ने CBFC से जल्द से जल्द मामले में विस्तृत जवाब देने और भविष्य में ऐसे कंटेंट की कड़ी जांच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। साथ ही, आयोग ने यह भी संकेत दिया है कि यदि इस दिशा में उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वह आगे और सख्त कदम उठाने पर विचार कर सकता है।
मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस गाने को लेकर बहस तेज हो गई है। कुछ लोग आयोग के कदम का समर्थन कर रहे हैं, तो कुछ इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हस्तक्षेप बता रहे हैं।