हिमंता बोले- गोगोई का केस सबूत समेत केंद्र को भेजा:दावा- कांग्रेस सांसद ने पाकिस्तान की यात्रा की, उनकी पत्नी ने भारत की जानकारी शेयर की

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा है कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई से जुड़े कथित पाकिस्तान लिंक के मामले की जांच अब केंद्र सरकार करेगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस मामले से जुड़े सभी सबूत केंद्र को सौंप दिए हैं और अब केंद्रीय एजेंसी इसकी जांच करेगी।

मुख्यमंत्री सरमा ने आरोप लगाया कि गौरव गोगोई और उनकी पत्नी का पाकिस्तान से जुड़े कुछ लोगों से संबंध रहा है और यह एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि गोगोई ने पाकिस्तान की यात्रा की और वहां के कुछ लोगों से संपर्क रखा।

2 फरवरी: सरमा बोले- एलिजाबेथ और अली तौकीर शेख बहुत करीब

असम CM ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। आरोप लगाया था कि कांग्रेस सांसद गौरव और उनकी पत्नी एलिजाबेथ, पाकिस्तानी एजेंट अली तौकीर शेख के बहुत करीब हैं। एक पाकिस्तानी फर्म ने गौरव की पत्नी को नौकरी दी, फिर उन्हें भारत ट्रांसफर कर दिया।

एलिजाबेथ भारत से जुड़ी कई जानकारियां इकट्ठा करती थीं और पाकिस्तानी नागरिक अली शेख को रिपोर्ट देती थीं। अली तौकीर शेख एलिजाबेथ को इस काम के लिए सैलरी देता था।

हिमंता ने यह भी दावा किया कि अली तौकीर 2010 से 2013 के बीच 13 बार भारत आया था। उसका मकसद दुनिया में भारत विरोधी नैरेटिव तैयार करना था।

सरमा ने यह भी आरोप लगाया कि गौरव गोगोई ने कथित तौर पर संवेदनशील संसदीय जानकारी साझा की, पाकिस्तान की यात्रा की और यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के नाम पर पाकिस्तानी अधिकारियों से संपर्क बनाए रखा।

हालांकि, इन आरोपों की अभी किसी केंद्रीय एजेंसी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

गोगोई बोले- हिमंता ने असम में 4 हजार एकड़ जमीन कैसे हासिल की

असम CM की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर गौरव गोगोई ने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा ने मीडिया के सामने मंच पर खुद को शर्मिंदा किया। असम में कोई उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेता।

असम कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि हिमंता परिवार ने कथित तौर पर पूरे असम में 4,000 एकड़ जमीन कैसे हासिल की। उन्होंने कहा कि राज्य में भविष्य की कांग्रेस सरकार ऐसी जमीनों को गरीबों में बांट देगी।

गौरव को अरेस्ट किया तो चुनाव से पहले राजनीति का आरोप लगेगा- हिमंता

प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिमंता ने बताया कि हमने मौजूदा सांसद गौरव गोगोई से पाकिस्तान कनेक्शन के बारे में पूछताछ नहीं की है। हमने उनके पद की गरिमा का सम्मान करते हुए यह मामला केंद्र पर छोड़ दिया है। हिमंता ने यह भी कहा कि अगर अब गौरव गोगोई को गिरफ्तार करने जैसा कदम उठाया तो मुझ पर असम विधानसभा चुनावों से पहले राजनीति करने का आरोप लगेगा।

गौरव गोगोई-एलिजाबेथ पर CM हिमंता के 10 आरोप

  • एलिजाबेथ ने IB सूत्रों से क्लाइमेट एक्शन के बारे में जानकारी इकट्ठा कीं।
  • गौरव गोगोई ने चुनावी हलफनामे में पत्नी के पाकिस्तानी बैंक खाते के बारे में नहीं बताया।
  • गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ को पेमेंट करने के लिए FCRA नियमों को दरकिनार किया गया।
  • भारतीय फर्म में काम करते हुए, एलिजाबेथ 6 बार इस्लामाबाद गईं। दूसरे NGO में शामिल होने के बाद 3 बार पाकिस्तान का दौरा किया।
  • एलिजाबेथ सिर्फ अटारी बॉर्डर से पाकिस्तान जाती थी, कभी फ्लाइट से नहीं गईं।
  • गौरव ने अपनी शादी से पहले दिसंबर 2013 में चुपके से पाकिस्तान गए थे। उस समय वे असम के सीएम के आवास में रह रहे थे।
  • गौरव को 2013 में इस्लामाबाद, कराची जाने की इजाजत दी गई, हालांकि वीजा सिर्फ लाहौर के लिए जारी किया गया था।
  • कांग्रेस सांसद की यात्रा के बारे में असम पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
  • पाकिस्तान में 10 दिन के रहने के दौरान, गौरव डिजिटली साइलेंट थे, इस बीच उन्होंने वहां किसी तरह की ट्रेनिंग ली होगी।
  • पाकिस्तान से लौटकर गोगोई ने संसद में रक्षा उपकरणों और परमाणु संयंत्रों पर सवाल पूछे थे।

अब इंटरपोल और सरकार की मदद की जरूरत- हिमंता

CM सरमा ने कैबिनेट के फैसले के बाद कहा था कि पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख और ब्रिटिश नागरिक एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई से जुड़ी भारत विरोधी साजिश की जांच केंद्रीय एजेंसियों को सौंप दी जाएगी।

सरमा ने कहा कि SIT जांच ऐसे मोड़ पर पहुंच गई है, जहां केंद्र सरकार की मदद के बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है, क्योंकि इंटरपोल से मदद, भारत सरकार और संसद से संवेदनशील जानकारी की जरूरत है। इसलिए यह तय किया गया है कि मामला गृह मंत्रालय की चुनी गई केंद्रीय सरकारी एजेंसी को सौंप दिया जाएगा।

गौरव ने कहा था- पत्नी ISI एजेंट तो मैं भी RAW एजेंट

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने भी खुद को R&AW एजेंट बताया था। गौरव ने कहा था- ‘अगर मेरी पत्नी पाकिस्तान की ISI एजेंट है तो मैं भारत का R&AW एजेंट हूं। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता अगर कोई ऐसा परिवार जिसके खिलाफ कई केस और कई आरोप हैं, मुझ पर आरोप लगाता है। असम के मुख्यमंत्री ये आरोप सिर्फ अपने ऊपर लगे आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए लगा रहे हैं।

गौरव vs हिमंता- विवाद की टाइमलाइन

  • 10 फरवरी 2025- असम के कई मीडिया पोर्टल ने खबर लगाई कि गौरव गोगोई की ब्रिटिश मूल की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के पाकिस्तान की ISI और जॉर्ज सोरोस के ओपन सोसाइटी फाउंडेशन से जुड़ी थीं।
  • 12 फरवरी 2025- CM हिमंता ने भी इस विवाद में X पोस्ट के जरिए एंट्री की। उन्होंने भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारियों के विदेशी जीवनसाथियों को शादी के 6 महीने के भीतर भारतीय नागरिकता लेनी होगी, लेकिन सांसदों पर ऐसा कोई नियम लागू नहीं होता है। उन्होंने सवाल किया कि गोगोई की पत्नी ने 12 साल तक विदेशी नागरिकता क्यों बरकरार रखी।
  • 13 फरवरी 2025- CM सरमा ने गोगोई को पाकिस्तान से जोड़ने वाले कई दावों के साथ हमले को और तेज कर दिया।
  • 28 जनवरी 2026- CM सरमा ने कहा कि गौरव पाकिस्तानी एजेंट, उनके पास यह साबित करने के लिए सबूत हैं। वो चाहे तो मानहानि का केस कर दे।

कौन हैं एलिजाबेथ कोलबर्न

एलिजाबेथ कोलबर्न एक ब्रिटिश नागरिक हैं, जिन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (एलएसई) से अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक अर्थशास्त्र में मास्टर्स किया है। गौरव गोगोई से उनकी मुलाकात 2010 में संयुक्त राष्ट्र सचिवालय में इंटर्नशिप के दौरान हुई थी। दोनों ने 2013 में शादी की और उनके दो बच्चे हैं।

एलिजाबेथ का प्रोफेशनल बैकग्राउंड

  • 2011 से 2015 तक क्लाइमेट डेवलपमेंट एंड नॉलेज नेटवर्क (सीडीकेएन) के साथ काम करते हुए, भारत, पाकिस्तान और नेपाल में परियोजनाओं की देखरेख की।
  • यूरोपीय संसद, विदेशी विकास संस्थान (ओडीआई), अमेरिकी सीनेट और संयुक्त राष्ट्र सचिवालय में रिसर्च वर्क से जुड़े काम।
  • वर्तमान में ऑक्सफोर्ड पॉलिसी मैनेजमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में वरिष्ठ सलाहकार हैं।
E-Paper 2025