अंबाला में राज्यपाल असीम घोष ने किया ध्वजारोहण:सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम, ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी, बारिश को लेकर अधिकारी तैयार

अंबाला में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम घोष ने ध्वजारोहण किया। दरअसल, आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अंबाला शहर के पुलिस लाइन स्थित मैदान में जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि असीम घोष पहुंचे हैं। कार्यक्रम ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ। जिसके बाद परेड कमांडर ने परेड शुरू कराई। सलामी राज्यपाल असीम घोष ने ली।

वहीं, डीसी अजय सिंह तोमर ने भी शाम को कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम और PWD के अधिकारियों को साफ कहा कि यदि बारिश होती है तो जल निकासी के पुख्ता इंतजाम हों। किसी भी परिस्थिति में मेन गेट और अन्य जगहों पर पानी एकत्रित न हो।

रिजर्व के लिए नई अनाज मंडी भी रखी

डीसी अजय सिंह तोमर ने बताया कि यदि अधिक बरसात हुई तो नई अनाज मंडी अंबाला शहर में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत सभी व्यवस्थाएं की गईं हैं। जिससे अंतिम समय पर कोई व्यवधान न हो। इसके लिए पहले से ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में राज्यपाल के आने से कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है। बिना कार्ड के किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

कल शाम तिरंगा यात्रा निकाली

राज्यपाल असीम कुमार घोष ने 14 अगस्त की शाम को तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस मौके पर उनके साथ पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, आईजी अंबाला रेंज पंकज नैन, उपायुक्त अजय सिंह तोमर, नगर निगम आयुक्त विरेन्द्र लाठर मौजूद थे।

इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव और स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में जिला स्तर के साथ-साथ उपमंडल स्तर व ब्लॉक स्तर पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्र प्रेम की भावना जगाना और हर नागरिक को देश की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए संकल्पित करना है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया।

E-Paper 2025