अजमेर में 46 लाख लूटने वाला एक बदमाश गिरफ्तार:कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया, अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस

अजमेर में युवक से 46 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी राहुल गुर्जर को बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया गया। वारदात 21 दिसंबर 2025 को हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र के ज्ञान विहार की है, जिसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था।

वारदात के बाद पीड़ित शक्तिनगर, सुभाष नगर निवासी हरसिमरन सिंह सोढ़ी ने थाने में 2 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोढ़ी ने बताया था कि बदमाशों की धमकी के कारण वह 11 दिन तक रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सका। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें चार बदमाश सोढ़ी की कार में तोड़फोड़ कर डिक्की में रखा बैग निकालते दिखे थे।

वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार थे। यह भी चर्चा थी कि आरोपी लूट की रकम लेकर नेपाल भाग गए हैं। पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली।

पुलिस सूत्रों के अनुसार वारदात में शामिल राहुल गुर्जर के केंद्रीय बस स्टैंड पर मौजूद होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।

सीआई महावीर शर्मा ने बताया कि आरोपी से लूट की रकम और अन्य फरार आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

E-Paper 2025