अनंत सिंह के इलाके में तेजस्वी ने बांटी कलम:बोले- यहां लोग बंदूक बांटते हैं, घोड़े पर निकले; आज बेगूसराय में बिहार अधिकार यात्रा

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा का आज तीसरा दिन है। तेजस्वी यादव सुबह 9 बजे बेगूसराय सर्किट हाउस से यात्रा के लिए निकलेंगे। मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के रमजानपुर चौक होते हुए तेजस्वी साहेबपुर कमाल पहुंचेंगे।

‘बिहार अधिकार यात्रा’ के दूसरे दिन बुधवार को बाहुबली पूर्वी विधायक अनंत सिंह के गढ़ मोकामा पहुंचे थे। यहां उन्होंने अनंत सिंह का नाम लिए बिना हमला किया। उन्होंने कहा, ‘यहां लोग बंदूक बांट रहे हैं, लेकिन हम कलम बांट रहे हैं। कलम की ताकत को समझिए। तेजस्वी आएगा तो आपके बच्चे का भविष्य बेहतर करेगा।’ तेजस्वी ने मोकामा में घोड़े की सवारी भी की।

देर शाम तेजस्वी ने बेगूसराय में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘इस बार बिहार में 20 साल पुरानी खटारा सरकार बदलनी है।’

बिहार को प्रगति पर ले जाने के लिए यात्रा है

तेजस्वी यादव बुधवार देर शाम बेगूसराय पहुंचे थे। यहां FCI ग्राउंड में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘बिहार में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी है। बेरोजगारों के हित में काम करना है। पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई वाली सरकार बने, इसके लिए हम यह यात्रा कर रहे हैं।’

‘यह महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की यात्रा है। यह किसान और मजदूर के सम्मान की यात्रा है, विवेक जगाने की यात्रा है। बिहार को प्रगति पर ले जाने के लिए यात्रा है।’

‘बिहार में बेरोजगारी और क्राइम काफी बढ़ गया है। पलायन भी तेजी से बढ़ा है। शिक्षा की स्थिति बदहाल हो गई है‌।’

बाढ़ में कहा था- NDA मतलब- नहीं दिया अधिकार

तेजस्वी यादव ने ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के दूसरे दिन बाढ़ और बख्तियारपुर में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने NDA का मतलब बताते हुए कहा ‘𝐍- नहीं, 𝐃- दिया, 𝐀- अधिकार है। इसलिए 𝐍𝐃𝐀 से बिहार को बचाना है।’

इससे पहले पटना में तेजस्वी यादव ने कहा, ‘कहीं भी हम जा रहे हैं तो हजारों हजार की संख्या में लोग इस यात्रा को समर्थन देने के लिए सड़क पर पहुंच रहे हैं। बिहार की पूरी जनता मौजूदा सरकार से आक्रोशित है। ब्लॉक और थाने में घुसखोरी बढ़ गई है। अपराध इतना बढ़ गया है कि लोग अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।’

E-Paper 2025