अमिताभ बच्चन गाड़ी चलाकर धर्मेंद्र से मिलने पहुंचे:पैपराजी पर भड़के सनी देओल, कहा- आपके घर में भी मां-बाप हैं, शर्म नहीं आती?

एक्टर धर्मेंद्र स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं की वजह से 10 और 11 नवंबर को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल अस्पताल में भर्ती थे। एक्टर की हालत में सुधार के बाद 12 नवंबर की सुबह 7:30 उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। उनके डॉक्टर ने ये जानकारी दी थी कि धर्मेंद्र के परिवार ने फैसला किया है कि अब उनका इलाज घर पर ही किया जाएगा।

टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र की हेल्थ को लेकर पत्रकार सुभाष के. झा से कहा कि मेरे लिए यह समय बिल्कुल आसान नहीं था। धरमजी की सेहत हमारे लिए बहुत बड़ी चिंता है। उनके बच्चे भी रात–रात भर जाग रहे हैं।

एक्ट्रेस ने आगे कहा, मैं कमजोर नहीं पड़ सकती, मेरे ऊपर बहुत जिम्मेदारियां हैं, लेकिन हां, मैं खुश हूं कि वह घर लौट आए हैं। हम सबको राहत मिली है कि अब वह अस्पताल से बाहर हैं। उन्हें अपने लोगों के बीच रहना चाहिए। बाकी सब ऊपरवाले के हाथ में है। कृपया हमारे लिए दुआ करें।

पैपराजी पर भड़के सनी देओल

वहीं, गुरुवार सुबह सनी देओल मीडिया पर नाराज हो गए। सनी ने हाथ जोड़ते हुए फोटोग्राफर्स और पैपराजी से कहा- “आपके घर में भी मां-बाप हैं, आपको शर्म नहीं आती?”

धर्मेंद्र से मिलने पहुंचे थे अमिताभ बच्चन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक धर्मेंद्र के अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अमिताभ बच्चन उनसे मिलने पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर बिग बी का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वो गाड़ी चलाकर एक्टर की घर के तरफ जाते दिखे। इसके अलावा और भी कई सेलेब्स उनसे मिलने पहुंचे थे।

धर्मेंद्र के डिस्चार्ज होने के बाद मीडिया से बात करते हुए डॉ. प्रतीत समदानी ने बताया कि एक्टर पिछले कई हफ्तों से कभी अस्पताल में भर्ती हो रहे थे, तो कभी घर लौट रहे थे।

डिस्चार्ज के बाद परिवार ने प्राइवेसी की अपील की थी

वहीं, धर्मेंद्र के डिस्चार्ज होने के बाद परिवार ने प्राइवेसी की अपील करते हुए आधिकारिक बयान जारी कर कहा था-

धर्मेंद्र जी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और अब वे घर पर आराम करेंगे। हम मीडिया और लोगों से अनुरोध करते हैं कि वे किसी तरह की अफवाह न फैलाएं और इस समय उनकी तथा परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें। हम सभी का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने धर्मेंद्र जी की अच्छी हेल्थ और लंबी उम्र के लिए दुआ की। कृपया उनका सम्मान करें क्योंकि वे आप सभी से बहुत प्यार करते हैं।

परिवार ने निधन की फर्जी खबरों पर नाराजगी जताई थी

इससे पहले 11 नवंबर की सुबह मीडिया में एक्टर की निधन की फर्जी खबर आई थी, जिसके बाद उनकी बेटी ईशा देओल और पत्नी हेमा मालिनी ने नाराजगी जताई थी।

ईशा ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा था-

मीडिया पूरी तरह गलत खबरें फैला रहा है। पापा की हालत स्थिर है और वे रिकवर कर रहे हैं। हम सभी से निवेदन करते हैं कि हमारे परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें। पापा की जल्दी सेहतमंदी के लिए दुआ करने के लिए धन्यवाद।

हेमा मालिनी ने भी निधन की खबरें सामने आने के बाद नाराजगी जताते हुए लिखा था-

जो हो रहा है, वह माफ करने लायक नहीं है। जिम्मेदार चैनल किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबरें कैसे फैला सकते हैं जो इलाज का जवाब दे रहा है और ठीक हो रहा है? यह बेहद असम्मानजनक और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार है। कृपया परिवार और उनकी निजता की आवश्यकता का सम्मान करें।

अस्पताल में धर्मेंद्र से मिलने पहुंचे थे परिवार के सदस्य

बता दें कि धर्मेंद्र 10 नवंबर को तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हुए थे। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी, जिसकी वजह से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।

मंगलवार की रात सनी देओल और बॉबी देओल दोनों पिता से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। बॉबी अस्पताल से बाहर बेहद भावुक दिखे थे।

31 अक्टूबर को भी हुए थे अस्पताल में भर्ती

धर्मेंद्र को 31 अक्टूबर को भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पत्रकार विक्की ललवानी ने अपनी पोस्ट में बताया था कि सांस लेने में तकलीफ होने के चलते धर्मेंद्र को ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। उन्हें ICU में रखा गया था। उनके सारे शरीर के पैरामीटर ठीक होने पर उन्हें कुछ ही घंटों में डिस्चार्ज कर दिया गया था।

इसी साल की शुरुआत में धर्मेंद्र की कॉर्निया ट्रांसप्लांट सर्जरी हुई थी। उनकी बाईं आंख की पारदर्शी परत यानी कॉर्निया डैमेज हो गई थी, जिसके बाद उनका कॉर्निया ट्रांसप्लांट (केराटोप्लास्टी) किया गया था।

धर्मेंद्र को साल 2015-2020 के बीच कई बार पीठ दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव और कमजोरी की शिकायत हुई थी। उन्हें पीठ दर्द और थकान की वजह से अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।

जल्द रिलीज होगी धर्मेंद्र की फिल्म

धर्मेंद्र फिल्म इक्कीस में नजर आएंगे। ये फिल्म भारत-पाकिस्तान के बीच हुई जंग के यंग सोल्जर अरुण खेत्रपाल की कहानी है। अमिताभ बच्चन के नातिन अगस्त्य नंदा ने फिल्म में अरुण खेत्रपाल की भूमिका निभाई है, जबकि धर्मेंद्र उनके पिता एम.एल.खेत्रपाल के रोल में हैं।

E-Paper 2025