आगरा में दो महिला पुलिसकर्मियों ने धर्मांतरण गिरोह का खुलासा किया है। दोनों पुलिसकर्मी पीड़ित बनकर हर रविवार होने वाली सभा में पहुंचीं। जहां उनके हाथ में बंधे कलावे को कटवाया गया। बाइबिल पढ़कर ईसाई बनने के लिए दबाव डाला गया।
महिला पुलिसकर्मियों ने आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाए। इसके बाद पुलिस ने गिरोह की 3 महिलाओं सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि शाहगंज के केदार नगर में लंबे समय से एक व्यक्ति अपने घर में धर्म सभा आयोजित कर रहा था। वो लोगों को घर बुलाकर बाइबिल पढ़वाता और कलावा काटने को कहता था। साथ ही एक यूट्यूब चैनल भी बना रखा था। इसका नाम “चर्च ऑफ गॉड आगरा” है। इसमें वीडियो अपलोड किए जाते थे।
पुलिस ने एक महीने की छानबीन के बाद आरोपी और उसके साथियों को पकड़ा है। गिरोह के तार विदेश से जुडे़ बताए जा रहे हैं। सभा में स्पेन-दुबई से लोग ऑनलाइन जुड़ते थे। इन लोगों का टारगेट बीमार और गरीब लोग होते थे। चमत्कार के नाम पर लोगों को बरगलाया जा रहा था।
मोहल्ले के लोगों ने की थी शिकायत
थाना शाहगंज के मोहल्ला केदार नगर में लोगों ने शिकायत की थी कि उनके मोहल्ले में राजकुमार लालवानी के घर पर ईसाई धर्म के लोग आकर धर्म सभा आयोजित कर रहे है। वहां पर गरीब और बीमार लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जाता है।
मामला पुलिस आयुक्त दीपक कुमार तक पहुंचा तो शाहगंज पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने एक महीने तक जांच की। इस दौरान दो महिला पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में भेजा गया।
धर्म सभा में बाहर से कुछ लोग आया करते थे। आसपास के हिंदुओं को बुलाया जाता था। इसमें समस्याएं पूछने के बाद दूर करने का दावा किया जाता था। इसके बाद धर्म परिवर्तन के लिए कहा जाता था। जो लोग तैयार होते थे, उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन मिलता था।
महिला पुलिसकर्मियों की भी बीमारी दूर करने की बात कहीं गई थी। दो दिन पहले पुलिस ने घर में दबिश देकर 3 महिलाओं सहित 8 लोगों को पकड़ लिया। इसमें एक मुख्य व्यक्ति भी शामिल है।
पुलिस ने मामले का खुलासा करने के लिए लगाई टीम
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया-
मामले के खुलासे के लिए महिला पुलिस को सादे वर्दी में भेजा गया। उन्होंने धर्म सभा अटेंड की। राजकुमार और अन्य लोगों ने महिला पुलिसकर्मियों पर हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया। पुलिस ने उनके खिलाफ सबूत जुटाए। इसके बाद छापा मारकर 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें राजकुमार लालवानी, अनूप कुमार, कमल कुंडलानी, जयकुमार, अरुण और तीन महिलाएं शामिल हैं।