आज औरंगाबाद आएंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार:262 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे; 24 हजार परिवारों को शुद्ध पेयजल मिलेगा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज समृद्धि यात्रा के तहत औरंगाबाद आ रहे हैं। यहां बारुण प्रखंड अंतर्गत मुंशी बिगहा गांव पहुंचेंगे। इस दौरान वे जिले को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगात देंगे और विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

गया के टनकुप्पा में जनसंवाद कार्यक्रम संपन्न करने के बाद मुख्यमंत्री 12:35 बजे औरंगाबाद के लिए रवाना होंगे। दोपहर करीब 1:00 बजे उनका हेलीकॉप्टर बारुण स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम में बने हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से वे सड़क मार्ग से सोन नदी के एनीकट घाट पहुंचेंगे, जहां जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत निर्माणाधीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करेंगे।

24,935 परिवारों को पाइपलाइन के जरिए शुद्ध पेयजल मिलेगा

योजना के माध्यम से औरंगाबाद और रोहतास के कुल 24,935 परिवारों को पाइपलाइन के जरिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा, जो क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण परियोजना मानी जा रही है।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और उनके क्रियान्वयन की प्रगति का जायजा लेंगे। इसके पश्चात वे मुंशी बिगहा स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे और दोपहर करीब 1:30 बजे वहां पहुंचेंगे।

कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री रिमोट के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वे विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे और जनसंवाद कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री 3:15 बजे मुंशी बिगहा से पटना के लिए प्रस्थान करेंगे।

55,506.7784 लाख रुपये के योजनाओं का करेंगे शिलान्यास

जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री इस दौरे के दौरान कुल 120 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जिनकी प्राक्कलित लागत 55,506.7784 लाख रुपये है।

142 योजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिनकी कुल लागत 12,318.5076 लाख रुपये है।

12,318.5076 लाख रुपए की योजनाओं का होगा उद्घाटन

उद्घाटन होने वाली योजनाओं में लघु जल संसाधन विभाग की 86 योजनाएं (6,422.6070 लाख रुपये), भवन निर्माण निगम की 2 योजनाएं (1,184.9700 लाख रुपये), स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन व योजना और विकास विभाग की 2 योजनाएं (495.1700 लाख रुपये), ग्रामीण विकास विभाग की 29 योजनाएं, नगर विकास विभाग की 7 योजनाएं (763.2675 लाख रुपये), पंचायती राज विभाग की 11 योजनाएं (1,379.3600 लाख रुपये) तथा बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम की 3 योजनाएं (696.7310 लाख रुपये) शामिल हैं।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगा मुख्यमंत्री का आगमन

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले में सुरक्षा के व्यापक और बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल को पूरी तरह से हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया गया है। पिछले दो दिनों से ही राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के कमांडो, स्पेशल ब्रांच, जिला पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

कार्यक्रम स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है और प्रवेश के लिए कई स्तरों पर जांच की व्यवस्था की गई है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके।

हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक के पूरे रूट को पूरी तरह सील कर दिया गया है। मार्ग में जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है और ट्रैफिक व्यवस्था को भी विशेष रूप से नियंत्रित किया गया है।

इसके अलावा बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वायड की टीमों द्वारा कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों की पहले ही जांच की जा चुकी है।

प्रशासन की ओर से मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर कैंप कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

E-Paper 2025