आज नो पेपर डे, पढ़िए बांका की 4 बड़ी खबरें:प्रभारी मंत्री ने ध्वजारोहण किया, फैक्ट्री परिसर में शव मिला; हथियार के साथ वीडियो वायरल

बांका में 26 जनवरी को कई हैपनिंग हुई। इसके साथ ही घटनाएं भी घटी हैं। बांका में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर श्रम संसाधन विभाग, बिहार सरकार के प्रभारी मंत्री संजय सिंह टाइगर ने सुबह 9:00 बजे ध्वजारोहण किया।

बांका के टाउन थाना क्षेत्र के समुखिया मोड़ स्थित एक सिरेमिक फैक्ट्री परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। बांका के अमरपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है।

बांका में सकहारा गांव स्थित शहीद सुधांशु चौक पर 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को शहीद जवान सुधांशु कुमार के नाम से तिरंगा झंडा फहराया गया।

आज 27 जनवरी है। बांका में आज अखबार नहीं आएगा। दैनिक भास्कर आपके लिए शहर की प्रमुख खबरों को लेकर आया है।

चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं 26 जनवरी की बांका की बड़ी खबरें…

1. बांका में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मना:आरएमके मैदान में प्रभारी मंत्री संजय सिंह टाइगर ने फहराया तिरंगा, परेड व झांकियों से दिखा देशभक्ति का माहौल

बांका जिले में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को पूरे आन-बान-शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराया गया। जिलेभर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्य जिला स्तरीय समारोह शहर के आरएमके मैदान में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित किया गया, जहां श्रम संसाधन विभाग, बिहार सरकार के प्रभारी मंत्री संजय सिंह टाइगर ने सुबह 9:00 बजे ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने परेड की सलामी ली और शांति व उत्साह के प्रतीक स्वरूप बैलून उड़ाए। इस अवसर पर जिला प्रशासन उपस्थित थे।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला, पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक द्वारा ध्वजारोहण किया गया। समाहरणालय परिसर में 9:55 बजे तथा पुलिस केंद्र बांका में 10:40 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

2. बांका में सिरेमिक फैक्ट्री में मिला शव:72 घंटे तक पहचान के लिए रखा, पोस्टमॉर्टम के बाद होगी कार्रवाई

बांका के टाउन थाना क्षेत्र के समुखिया मोड़ स्थित एक सिरेमिक फैक्ट्री परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। अचानक फैक्ट्री परिसर में शव पड़े होने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिरेमिक फैक्ट्री परिसर के एक हिस्से में शव पड़ा हुआ देखा गया। जब कुछ लोगों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोग वहां पहुंचने लगे। देखते ही देखते फैक्ट्री परिसर के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। कई लोग आश्चर्य और भय के साथ शव को देखते रहे, जबकि कुछ ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को देने की पहल की।

घटना की जानकारी मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फैक्ट्री परिसर को घेराबंदी कर अपने नियंत्रण में ले लिया। पुलिस ने शव के आसपास मौजूद लोगों को हटाया और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

3. बांका में हथियार के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल:पुलिस ने पांच घंटे में किया खुलासा; पिस्टल, कारतूस के साथ 2 अरेस्ट

बांका के अमरपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महज पांच घंटे के अंदर पूरे प्रकरण का सफल उद्भेदन कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की है। इस कार्रवाई के बाद जिले में सोशल मीडिया पर हथियारों के खुले प्रदर्शन को लेकर कड़ा संदेश गया है।

शनिवार की संध्या एक युवक का हथियार लहराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो में युवक खुलेआम अवैध हथियार के साथ नजर आ रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

4. बांका में शहीद सुधांशु चौक पर तिरंगा फहराया गया:माता-पिता ने दी सलामी, शहीद जवान के नाम से तिरंगा झंडा फहराया

बांका के रजौन प्रखंड अंतर्गत नवादा थाना क्षेत्र के सकहारा गांव स्थित शहीद सुधांशु चौक पर 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को शहीद जवान सुधांशु कुमार के नाम से तिरंगा झंडा फहराया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूरे सम्मान और देशभक्ति के माहौल में किया गया।

शहीद सुधांशु कुमार के स्मारक के समक्ष नवादा थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और शहीद को सलामी दी। इस दौरान परेड की सलामी भी ली गई, जिससे वातावरण गौरव और गर्व से भर गया।सोमवार दोपहर 2:30 बजे तक कार्यक्रम चली।

कार्यक्रम में शहीद जवान के पिता राजेश कुमार चौधरी और माता संगीता देवी भी मौजूद रहीं। दोनों ने अपने शहीद बेटे को भावभीनी सलामी दी। बेटे की शहादत को याद कर माता-पिता की आंखें नम हो गईं। मौके पर उपस्थित लोगों ने “भारत माता की जय” और “शहीद सुधांशु अमर रहें” के नारे लगाकर शहीद को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सभी ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित किए और माल्यार्पण कर नमन किया।

E-Paper 2025