औरंगाबाद में साड़ी पैकिंग के नाम पर महिलाओं से जालसाजी:पोस्ट ऑफिस खाते से लाखों रुपए गायब, पूर्व सांसद से लगाई न्याय की गुहार

औरंगाबाद में साड़ी पैकिंग का काम दिलाने के नाम पर ग्रामीण महिलाओं से ठगी का मामला सामने आया है। सिमरा थाना क्षेत्र के खड़ीहा और आसपास के गांवों की दर्जनों महिलाओं को रोजगार का झांसा देकर उनके नाम से डाकघर में खाता खुलवाया गया। बाद में उसी खाते से लाखों रुपए की हेराफेरी कर ली गई। पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित महिलाओं में शीला कुमारी, शोभा देवी, रेखा कुमारी, अनीता देवी, प्रियंका देवी, रेणु देवी, रूकसाना खातून सहित अन्य शामिल हैं। तेतराई गांव निवासी शतरंजन ठाकुर की पत्नी पूनम देवी पर जालसाजी का आरोप लगाया है। महिलाओं का कहना है कि पूनम देवी ने उन्हें साड़ी पैकिंग का काम दिलाने का लालच दिया और कहा कि काम की मजदूरी सीधे बैंक खाते में आएगी। इसी बहाने डाकघर में उनके नाम से खाते खुलवाए गए।

खाता खुलने के बाद इसकी जानकारी नहीं दी गई कि उनके खातों में बड़ी रकम का लेन-देन किया जा रहा है। इस जालसाजी का खुलासा तब हुआ, जब कुछ लोगों ने महिलाओं से सवाल किया कि उनके खातों में इतनी बड़ी रकम कहां से आ रही है। इसके बाद पोस्ट ऑफिस पहुंचीं, जहां जांच में सामने आया कि उनके खातों से कई बार बड़ी रकम का ट्रांजेक्शन किया गया है।

दावा है कि उनके अलावा करीब 40 से 45 अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह धोखाधड़ी की गई है। इस मामले को लेकर संगीता देवी की ओर से औरंगाबाद साइबर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। शिकायत के बाद संबंधित खातों को सील कर दिया गया, जिससे महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का लाभ भी नहीं मिल सका

पीड़ित महिलाओं ने बताया कि खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, मनरेगा मजदूरी, गैस सब्सिडी और बच्चों के पोशाक योजना की राशि आती थी। बंद हो जाने के कारण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो गई हैं। जालसाजी की आरोपी पूनम देवी पूर्व में भी ऐसे ही मामलों में जेल जा चुकी है, इसके बावजूद उसने दोबारा इस तरह की धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

पूर्व सांसद ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

इस संबंध में पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से महिलाओं और जरूरतमंदों के उत्थान के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं और किसी भी महिला को इन योजनाओं से वंचित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर शीघ्र न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

जनता दरबार में एसपी से लगाई थी गुहार

फ्रॉड का शिकार हुई महिलाएं पिछले दिनों सिमरा थाना में आयोजित जनता दरबार में भी पहुंची थी और एसपी से न्याय की गुहार लगाई थी। महिलाओं ने एसपी को पूरे मामले से अवगत कराते हुए बताया था कि उनका खाता आधार से लिंक था। इस खाते में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की राशि भी आई थी। खाता फ्रिज होने के बाद राशि की निकासी नहीं कर पा रहे हैं। एसपी ने कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया था।

E-Paper 2025