करनाल में सरकारी स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़:बाथरूम के पास मिला युवक; 20 रुपए का नोट देकर की गलत हरकत

करनाल जिला में निसिंग थाना के एक गांव के एक सरकारी स्कूल में पांचवीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। टीचर्स को सुबह स्कूल खुलते समय छात्रा सहमी हुई हालत में मेन गेट पर मिली। छात्रा के मुताबिक, बाथरूम के पास एक युवक ने 20 रुपए का लालच देकर गलत हरकत की। शोर मचाने पर आरोपी दीवार फांदकर भाग गया। घटना के बाद स्कूल में बच्चों के बीच डर का माहौल है। स्कूल इंचार्ज की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

इंचार्ज को गेट पर मिली डरी हुई छात्रा

राजकीय प्राइमरी स्कूल की इंचार्ज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि पांचवीं कक्षा की छात्रा मेन गेट पर खड़ी थी। वह घबराई हुई थी। उसके पास चार छात्र व छात्राएं खड़ी थी। पूछने पर छात्रा ने पूरी घटना बताई। छात्रा ने इंचार्ज को बताया कि वह बाथरूम के पास गई थी। वहां अंचल नाम का युवक खड़ा था। उसने 20 रुपए का नोट दिखाकर लालच दिया और पैंट उतारकर गलत हरकत करने लगा। छात्रा डर गई और जोर से चिल्लाते हुए गेट की तरफ भागी।

शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी, दीवार कूदकर फरार हुआ युवक

छात्रा की आवाज सुनकर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। तब तक आरोपी स्कूल की दीवार फांदकर भाग चुका था। पड़ोसियों ने छात्रा को संभाला और स्कूल स्टाफ को जानकारी दी। स्कूल इंचार्ज ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद स्कूल के बच्चों में डर का माहौल बन गया। उन्होंने तुरंत स्कूल के प्रिंसिपल को मामले की जानकारी दी।

कैमरा फुटेज में सामने आया नाम

पड़ोस के लोगों ने आसपास लगे कैमरों की जांच की। जांच में आरोपी की पहचान सतबीर उर्फ गोलू के रूप में हुई। गोल का पिता स्कूल में चौकीदार है। स्कूल इंचार्ज की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द की गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

E-Paper 2025