खालिस्तानी आतंकी पर NIA का एक्शन, देशद्रोह की FIR की:पन्नू बोला- भारत से लड़ने को शहीदों का ग्रुप बनाया; दिल्ली-हरियाणा को खालिस्तान का हिस्सा बताया

खालिस्तानी आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) और उसके चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की FIR दर्ज की है। यह मामला पन्नू के पाकिस्तान में पत्रकारों से बात करने से जुड़ा हुआ है।

जिसमें उसने PM नरेंद्र मोदी को लाल किले पर तिरंगा फहराने से रोकने के लिए 11 करोड़ इनाम देने की घोषणा करते हुए सिख सैनिकों को उकसाया था। इसके अलावा खालिस्तान का एक नक्शा दिखाया था, जिसमें पंजाब के साथ दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश को भी खालिस्तान का हिस्सा दिखाया गया।

यही नहीं, उसने कहा कि खालिस्तान बनाने के लिए भारत से लड़ने को उसने शहीदों का ग्रुप बनाया है।

  • लाहौर प्रेस क्लब में अमेरिका से जुड़ा: आतंकी पन्नू ने 10 अगस्त 2025 को पाकिस्तान के लाहौर प्रेस क्लब में मीट द प्रेस कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस दौरान वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अमेरिका के वाशिंगटन से पाकिस्तानी पत्रकारों से जुड़ा। यहां उसने भारत के खिलाफ भड़काऊ प्रचार किया। उसने भारत की संप्रभुता को भी चुनौती दी।
  • पीएम मोदी को रोकने को कहा: आतंकी पन्नू ने प्रेस मीट में कहा कि भारतीय सेना का जो सिख सैनिक प्रधानमंत्री मोदी को 15 अगस्त के दिन लाल किले पर तिरंगा फहराने से रोक देगा, उसे वह 11 करोड़ रुपए का इनाम देगा। उसने यह भी कहा कि उसने भरत के खिलाफ लड़ने के लिए शहीदों का ग्रुप बनाया है।
  • दिल्ली बनेगा खालिस्तान रेफरेंडम का नक्शा जारी किया: आतंकी पन्नू ने इस प्रेस मीट में SFJ का नया “दिल्ली बनेगा खालिस्तान” रेफरेंडम नक्शा भी जारी किया। जिसमें पंजाब के साथ-साथ हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली को भी कथित खालिस्तान का हिस्सा दिखाया गया था।
  • वीडियो सामने आने पर केंद्र ने NIA को जांच सौंपी: वीडियो सामने आने के बाद भारत सरकार ने NIA को इसकी जांच सौंपी। जिसके बाद NIA ने माना कि आतंकी पन्नू ने भारत की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने और सिख समुदाय में भारत के खिलाफ असंतोष फैलाने की कोशिश की है।
  • NIA ने पन्नू व उसके संगठन पर FIR की: NIA ने इस मामले में आतंकी संगठन SFJ और पन्नू के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 61(2) (आपराधिक साजिश) और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई गृह मंत्रालय के निर्देश पर की गई है।

5 साल पहले आतंकी घोषित हुआ पन्नू

SFJ चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू को भारत सरकार ने 2020 में आतंकवादी घोषित किया था। उसके खिलाफ भारत में कुल 104 मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें से 96 मामले अलग-अलग राज्यों में पुलिस और 8 मामले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने दर्ज किए हैं।

पन्नू पर सबसे ज्यादा 55 मामले पंजाब में दर्ज हैं। इसके बाद दिल्ली और हरियाणा में 13-13 मामले और बाकी केस चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, असम, आदि में दर्ज हैं। पन्नू पर भारत के संवैधानिक पदाधिकारियों (जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, NSA अजीत डोभाल) को धमकी देने, खालिस्तान रेफरेंडम को बढ़ावा देने, सिख समुदाय में असंतोष फैलाने, रेलवे/हवाई अड्डों पर हमले की साजिश रचने और देशद्रोह जैसे अपराधों के आरोप हैं। ये मामले मुख्य रूप से IPC (अब BNS), UAPA और IT एक्ट के तहत हैं।

NIA की ओर से दर्ज 8 मामलों की जांच चल रही है, जिसमें अगस्त 2025 में यह एक नया केस दर्ज हुआ है। पन्नू पर ये मामले 1990 से शुरू होकर अब तक चले आ रहे हैं। पन्नू SFJ संगठन के जरिए भारत विरोधी गतिविधियां करता है। भारत सरकार ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी कराया है लेकिन अमेरिका और कनाडा में रहने के कारण उसे यहां लाना चुनौती बनी हुई है।

E-Paper 2025