गणतंत्र दिवस परेड- नेवी मार्चिंग दल तीनों सेनाओं में बेस्ट:राज्यों में महाराष्ट्र और मंत्रालयों में मिनिस्ट्री ऑफ कल्चर की झांकी सर्वश्रेष्ठ

गणतंत्र दिवस परेड 2026 के विजेताओं के नाम को बुधवार को एलान किया गया। इसमें इंडियन नेवी के मार्चिंग दस्ते को तीनों सेनाओं बेस्ट माना गया।

वहीं राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में महाराष्ट्र ने बेस्ट झांकी की लिस्ट में टॉप किया। इसमें गणेश उत्सव को आत्मनिर्भरता के प्रतीक के रूप में दर्शाया गया था। पारंपरिक पोशाक पहनी महिलाओं ने झांकी के दोनों ओर लोक नृत्य किया।

वहीं, संस्कृति मंत्रालय की वंदे मातरम की 150 साल की विरासत का जश्न मनाने वाली झांकी मंत्रालयों और विभागों की श्रेणी में विजेता रही।

अधिकारियों ने बताया कि 30 जनवरी को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन राष्ट्रीय रंगशाला कैंप में किया जाएगा।

नेवी के मार्चिंग दल में 144 सैनिक शामिल थे

नेवी के अधिकारियों ने बताया कि नेवी के मार्चिंग दल में 144 युवा कर्मी ऐतिहासिक कर्तव्य पथ पर कंधे से कंधा मिलाकर मार्च कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि नौसेना के मार्चिंग दल ने तीनों सेवाओं में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल का शीर्ष पुरस्कार जीता। वहीं, दिल्ली पुलिस के दल को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) और अन्य सहायक बलों में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल घोषित किया गया।

मिनिस्ट्री ऑफ कल्चर ने वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने का जश्न मनाया

कल्चरल मिनिस्ट्री की झांकी ने वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने का जश्न मनाया। इसमें बंकिम चंद्र चटर्जी के गीत की रचना, एक प्रसिद्ध मराठी गायक द्वारा औपनिवेशिक काल की रिकॉर्डिंग और Gen Z का प्रतिनिधित्व करने वाले एक समूह द्वारा इसका गायन दिखाया गया।

‘वंदे मातरम: एक राष्ट्र की आत्मा की पुकार’ थीम पर आधारित, झांकी के अग्रभाग में वंदे मातरम की पांडुलिपि को बनाते हुए दिखाया गया था। इसके निचले हिस्से में एक पैनल पर चटर्जी की एक छवि दिखाई गई थी।

मध्य भाग में पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों का एक समूह था जिसने भारत की लोक विविधता को दर्शाया। कुछ लोगों ने आधुनिक पोशाकों में Gen Z का प्रतिनिधित्व करते हुए दिखाया।

महाराष्ट्र की झांकी में थिएटर और गणेश चतुर्थी पर फोकस

महाराष्ट्र की झांकी में कला प्रतिष्ठानों की एक श्रृंखला में मराठी सिनेमा और थिएटर के प्रसिद्ध अभिनेता और संगीतकार, विष्णु पंत पागनीस को गीत रिकॉर्ड करते हुए दिखाया गया था।

वहीं, फांसी का सामना कर रहे स्वतंत्रता सेनानियों और तिरंगा पकड़े हुए भारत माता की छवि भी दिखाई गई। एक अधिकारी ने बताया कि यह उनके द्वारा गाए गए गाने की 1928 की दुर्लभ रिकॉर्डिंग का चित्रण था।

राज्यों में कश्मीर दूसरे नंबर पर

अधिकारियों ने बताया कि राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकी की कैटेगरी में जम्मू और कश्मीर ने दूसरा पुरस्कार जीता। वहीं केरल तीसरे स्थान पर रहा।

केंद्रीय PWD की झांकी को विशेष पुरस्कार

अधिकारियों ने बताया कि सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट की झांकी को एक विशेष पुरस्कार दिया जाएगा। इसकी झांखी में फूलों के साथ वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने का जश्न मनाते दिखाया गया था।

वहीं, वंदे मातरम: द इटरनल रेजोनेंस ऑफ इंडिया डांस ग्रुप को भी पुरस्कार दिया जाएगा।

पॉपुलर चॉइस कैटेगरी में असम रेजिमेंट को सबसे ज्यादा वोट

MyGov पोर्टल पर किए गए एक ऑनलाइन पोल के आधार पर पॉपुलर चॉइस कैटेगरी में, नागरिकों ने असम रेजिमेंट को तीनों सेवाओं में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल के रूप में वोट दिया।

वहीं, CRPF ने CAPF और अन्य सहायक बलों में सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल का पुरस्कार जीता।

गुजरात की झांकी पॉपलर चॉइस कैटेगरी में टॉप पर

गुजरात ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए पॉपुलर चॉइस कैटेगरी में अपनी झांकी ‘स्वदेशी-आत्मनिर्भरता-स्वतंत्रता का मंत्र: वंदे मातरम’ के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।

इस कैटेगरी में दूसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश (थीम – बुंदेलखंड की संस्कृति) और तीसरे नंबर पर राजस्थान (थीम – रेगिस्तान का सुनहरा स्पर्श: बीकानेर स्वर्ण कला) का रहा।

उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग की झांकी (थीम – राष्ट्रीय शिक्षा नीति) को पॉपुलर चॉइस कैटेगरी में केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में सर्वश्रेष्ठ झांकी के रूप में चुना गया।

E-Paper 2025