जयपुर में लुटेरी दुल्हन ले भागी गहने-कैश:5 महीने पहले हुई थी शादी, पहले भी शादी कर चुकी लूट

जयपुर में लुटेरी दुल्हन के लाखों रुपए कीमत के गहने-कैश लूट कर भागने का मामला सामने आया है। शादी के 5 महीने बाद ही गहरी नींद में पति को घर में सोता छोड़कर लुटेरी दुल्हन भाग गई। झूठे केस में फंसाने की धमकी देने वाली दुल्हन पहले भी शादी कर पति को लूटकर भाग चुकी है। जवाहर नगर थाने में पीड़ित दूल्हे ने लुटेरी दुल्हन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

हेड कॉन्स्टेबल कैलाश चन्द ने बताया- जवाहर नगर के रहने वाले दूल्हे ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। फरवरी-2025 में उसकी शादी जयपुर की रहने वाली युवती से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल आते ही दुल्हन ने झगड़ा करना शुरू कर दिया। आए दिन झगड़े के साथ ही झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगी।

13 जुलाई को तड़के घर में पति को गहरी नींद में सोता छोड़कर अलमारी में रखे लाखों रुपए कीमत के गहने, 70 हजार कैश और कीमती सामान चोरी कर ले गई। सुबह उठने पर घर नहीं मिली पत्नी को काफी ढूंढा, लेकिन उसका पता नहीं चला।

अलमारी संभालने पर उसमें रखे गहने-कैश व कीमती सामान गायब मिले। जानकारी करने पर पता चला कि पहले भी लुटेरी दुल्हन ने एक युवक से शादी कर रखी थी। उसे भी इसी तरह से लूटकर भाग गई थी। पीड़ित दूल्हे ने कोर्ट से आदेश करवाकर आरोपी दुल्हन के खिलाफ जवाहर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

E-Paper 2025