जेपीयू स्नातक प्रथम सेमेस्टर के फॉर्म भरने की तिथि जारी:5 से 15 फरवरी तक भरे जाएंगे फॉर्म, शुल्क 600 रुपये ऑनलाइन जमा होगा

छपरा स्थित जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) ने स्नातक सीबीसीएस सत्र 2025-29 के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की तिथियां घोषित कर दी हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, सभी संबद्ध महाविद्यालयों में 5 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक परीक्षा फॉर्म भरे जाएंगे। छात्रों को निर्धारित तिथि के भीतर ही आवेदन करना अनिवार्य होगा।

ऑनलाइन माध्यम से सीधे पैसा खाते में जमा करना होगा

परीक्षा फॉर्म भरने के लिए 600 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। यह शुल्क छात्रों को ऑनलाइन माध्यम से सीधे जयप्रकाश विश्वविद्यालय के खाते में जमा करना होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के बाद किसी भी छात्र को फॉर्म भरने का दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा फॉर्म से संबंधित सभी विस्तृत दिशा-निर्देश अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.jpv.ac.in पर जारी कर दिए हैं। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे फॉर्म भरने से पहले वेबसाइट पर उपलब्ध नियमों और निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।

फॉर्म भरने के बाद उसे डाउनलोड कर सकते हैं

परीक्षा विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि फॉर्म भरने से पहले छात्र अपना पंजीयन प्रमाण पत्र, अंक प्रमाण पत्र और प्रवेश पत्र की छायाप्रति संबंधित महाविद्यालय के प्राचार्य से अभिप्रमाणित करा लें। यह प्रक्रिया अनिवार्य है। फॉर्म भरने के बाद, छात्र उसकी प्रति डाउनलोड कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित कॉलेज में सत्यापन के लिए जमा करेंगे।

परीक्षा मंडल के निर्णय के अनुसार, केवल पंजीकृत छात्रों को ही परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति दी जाएगी। यदि बिना पंजीयन वाले छात्रों के फॉर्म सत्यापित या अग्रसारित किए जाते हैं, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्राचार्य और सत्यापन पदाधिकारी की होगी।

E-Paper 2025