दिल्ली एयरपोर्ट पर बुधवार शाम मुंबई जा रहे एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्लेन में टेकऑफ से पहले तकनीकी खराबी आ गई। एयरलाइन ने यात्रियों को दूसरे प्लेन में शिफ्ट कर मुंबई रवाना किया। प्लेन में लगभग 160 यात्री सवार थे।
एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने बताया कि फ्लाइट के क्रू को प्लेन में छोटी तकनीकी समस्या दिखी थी। इसके चलते प्लेन का टेकऑफ रोका गया। यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया। वहीं, ANI सूत्रों के मुताबिक, कॉकपिट में स्पीड दिखाने वाली स्क्रीन में खराबी आ गई थी, जिसे देखकर पायलट ने तत्काल उड़ान रद्द करने का निर्णय लिया।
इससे पहले बुधवार को ही अहमदाबाद से दीव जा रही इंडिगो की फ्लाइट ATR76 के इंजन में उड़ान भरने से ठीक पहले आग लग गई। इसके बाद तुरंत सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फ्लाइट में 60 पैसेंजर थे। घटना की जांच जारी है।
पायलट ने ‘मेडे’ कॉल भेजा
अहमदाबाद से दीव जा रही इंडिगो की फ्लाइट ATR76 के इंजन में आग लगने का हादसा बुधवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। विमान रनवे पर टेकऑफ की तैयारी कर रहा था, तभी पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इमरजेंसी ‘मेडे’ कॉल भेजा और उड़ान को रोक दिया गया।
फ्रेंच शब्द से लिया MAYDAY
MAYDAY शब्द फ्रेंच शब्द ‘m’aider’ से लिया गया है। इसका मतलब है ‘help me’ यानी ‘मुझे बचाओ’। MAYDAY कॉल आमतौर पर रेडियो के माध्यम से ATC या आसपास के अन्य विमानों को भेजा जाता है। इस सिग्नल का उपयोग तत्काल सहायता और प्राथमिकता प्राप्त करने के लिए किया जाता है, ताकि इमरजेंसी से निपटा जा सके और समय पर मदद मिल सके।
दिल्ली-कोलकाता फ्लाइट में तकनीकी खराबी, फ्लाइट रोकी
इससे पहले मंगलवार को ही दिल्ली से कोलकाता जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI2403 में तकनीकी खराबी आ गई थी। खबर मिलने के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से प्लेन को उड़ान भरने से रोक दिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक प्लेन 160 यात्रियों को लेकर रनवे पर था और उड़ने ही वाला था। तभी खराबी का पता चला।